15 वर्षों तक नसोपुर की रामलीला का किया संचालन, ‘संस्कृति उत्सव 2026’ में समिति को दिलाया था प्रदेश में प्रथम स्थान

संवादाता/मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पालिका के वार्ड नंबर एक स्थित नसोपुर निवासी समाजसेवी, रामलीला समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह उर्फ ‘सोनू’ (46) का शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा और लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।परिजनों के अनुसार, अंजनी कुमार सिंह पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थ चल रहे थे। इसके बावजूद सामाजिक कार्यों और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रियता बनी रही। शुक्रवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल ले गए, जहां आईसीयू में शिफ्ट किए जाने के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।अंजनी कुमार सिंह ‘सोनू’ नसोपुर की ऐतिहासिक रामलीला के प्रमुख आयोजकों में शामिल थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद लगातार लगभग डेढ़ दशक तक रामलीला का सफल संचालन किया। उनके नेतृत्व में रामलीला समिति नसोपुर ने ‘संस्कृति उत्सव 2026’ में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया था। उनके निधन से सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

भाजपा ध्वज ओढ़ाकर दी गई श्रद्धांजलि

भाजपा के समर्पित बूथ अध्यक्ष रहे अंजनी कुमार सिंह के पार्थिव शरीर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का ध्वज ओढ़ाकर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। इस दौरान जिला मंत्री राकेश तिवारी, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह, यशपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

शनिवार को निकली अंतिम यात्रा में नसोपुर के स्त्री-पुरुष, बुजुर्ग, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। गांव के लोगों ने अपने प्रिय समाजसेवी को नम आंखों से विदाई दी। उनके निधन से पूरा गांव शोकाकुल नजर आया। ग्रामीणों ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक कार्यों में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

रामलीला मंच पर भावुक हुए कार्यकर्ता

अंतिम यात्रा जब रामलीला मंच के समीप पहुंची तो माहौल बेहद भावुक हो गया। रामलीला समिति की वर्तमान कार्यकारिणी ने अपने पूर्व अध्यक्ष को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष व्यवस्था की थी। पार्थिव शरीर को मंच के सामने रखकर समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। जिस मंच को उन्होंने 15 वर्षों तक अपनी मेहनत और समर्पण से जीवंत रखा, उसी मंच के सामने उनकी अंतिम विदाई पर कार्यकर्ताओं की आंखें छलक उठीं।इस दौरान समिति के वर्तमान अध्यक्ष प्रियांशु त्रिपाठी, महामंत्री विपुल सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज यादव, पूर्व कोषाध्यक्ष हरि गोविंद तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल सिंह, अभिनय प्रताप सिंह, अभिनव कुमार सिंह, पंकज तिवारी, अरुण मौर्य, प्रेम शंकर सिंह, परमानंद शर्मा, आर्यन सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, रामप्रवेश तिवारी, दुर्गा प्रताप सिंह, अजय कुमार सिंह, अवनेंद्र सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, शुभम तिवारी, चुन्नू तिवारी, केसरी उपाध्याय और केसरी नंदन तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने अपने प्रिय साथी और मार्गदर्शक को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।