
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में आमजन की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर गुरुवार को जनपदभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सुबह से ही पुलिस टीमें सक्रिय रहीं और पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों तथा विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़कों पर मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला एवं पुरुष नागरिकों से सीधा संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मान, हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस पहल से बुजुर्गों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।वहीं, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने सतर्कता बरती। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।पुलिस के अनुसार, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल चेकिंग करना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद स्थापित करना, महिलाओं, बालिकाओं एवं बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल देना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जनजागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
