
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने बलिया जनपद के मसहां (गड़वार) निवासी राजेश कुमार मिश्र को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही जनपद में हर्ष का माहौल है। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं। राजेश कुमार मिश्र छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 1996 में उन्होंने सतीश चंद्र महाविद्यालय के छात्रसंघ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होकर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद से ही वह लगातार सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी निभाते आ रहे हैं।वर्तमान में पेशे से शिक्षक राजेश मिश्र ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ के प्रदेश महासचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। संगठन के माध्यम से वह समाज में आदर्श, चरित्रवान एवं संस्कारवान वातावरण स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य कर रहे हैं। बलिया से लेकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों तक ब्राह्मण समाज के साथ ही समाज के अन्य वर्गों के हितों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रियता से काम करते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, सामाजिक योगदान एवं कार्यों को देखते हुए राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इस नई जिम्मेदारी के साथ उनसे संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देने की अपेक्षा जताई जा रही है। उनके मनोनयन पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बलिया जनपद के लिए गौरव की बात बताया है।
