
लखीमपुर (राष्ट्र की परम्परा)। लखीमपुर में सोमवार को एक स्कूल के क्लासरूम के भीतर महिला शिक्षिका को गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी में 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को एक युवक ने गोली मार दी। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी युवक ने स्कूल परिसर में ही अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान 28 वर्षीय साउद अंसारी, निवासी नौरंगाबाद, के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक स्कूल का स्टाफ नहीं था और बाहरी व्यक्ति के तौर पर परिसर में पहुंचा था। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस मामले के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। शिक्षिका और युवक के बीच किसी तरह के पूर्व परिचय या विवाद की जानकारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
