हिरासत में, ट्रेलर चालक पुलिस के कब्जे में

सतीश पाण्डेय की रिपोर्ट

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के जखीरा चौराहे पर शनिवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ई-रिक्शा और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR 28 GB 3052 का चालक बृजेश कुमार त्रिपाठी वाहन लेकर जखीरा चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर ने ई-रिक्शा संख्या UP 56 BT 2699 और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार सुरेश पुत्र त्रिवेणी, निवासी बसंतपुर, थाना घुघली की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल लाल मोहन पुत्र खेदन, निवासी मठिया, थाना घुघली को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार महबूब अंसारी पुत्र मोसाहब, निवासी मठिया गंभीर रूप से घायल हुए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज मर्चरी भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर चालक बृजेश कुमार त्रिपाठी पुत्र पुरुषोत्तम त्रिपाठी, निवासी टीकर परसौनी, थाना चौक, महराजगंज को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने संभालकर आवागमन सामान्य कराया।
थानाध्यक्ष घुघली अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे में दो लोगों की मौत की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है।