
कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला गंगा समिति एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कसया रेंज स्थित मनखोटही ताल पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के तहत श्रमदान, प्रभात फेरी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।अभियान के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मनखोटही ताल परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई करते हुए लोगों को जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। इस दौरान क्विज, निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर जलस्रोतों के संरक्षण का संकल्प कराया गया।परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे) नम्रता भट्ट ने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही तालाबों और नदियों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।ग्राम प्रधान रामदेव प्रसाद ने मनखोटही ताल को गांव की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने पर जोर दिया।डॉ. अम्बेडकर आदर्श जूनियर हाई स्कूल सीतापट्टी खोटही के प्रबंधक चंद्रशेखर गौतम एवं प्रधानाचार्य भोला कुशवाहा के नेतृत्व में शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने श्रमदान किया तथा स्वच्छता की शपथ ली। कार्यक्रम में वन दरोगा विनोद कुमार सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
