18 अगस्त से शुरू होगा एक माह का निःशुल्क प्रशिक्षण , स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं से आवेदन की अपील
महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत राजकीय फल संरक्षण केंद्र महराजगंज में एक माह का निःशुल्क कुकरी, बेकरी एवं पाक-कला प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 अगस्त से शुरू होगा। प्रशिक्षण में सामान्य वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी उत्पाद तैयार करने तथा व्यावसायिक पाक-कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राजकीय फल संरक्षण केंद्र के प्रभारी राज किशोर सिंह ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं एवं स्वरोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा खाद्य पदार्थों के निर्माण, गुणवत्ता, पैकेजिंग, संरक्षण और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जाएंगी, जिससे प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण के बाद अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपना पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड तथा शैक्षिक अंकपत्र की छायाप्रति के साथ किसी भी कार्य दिवस में राजकीय फल संरक्षण केंद्र कार्यालय पहुंच कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
प्रभारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर वे खाद्य प्रसंस्करण एवं बेकरी व्यवसाय के क्षेत्र में स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
