Friday, July 24, 2026
HomeNewsbeatसर्राफा दुकानों को निशाना बनाने वाला अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह धरा गया

सर्राफा दुकानों को निशाना बनाने वाला अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह धरा गया

ग्राहक बनकर दुकानदार को उलझाती थी महिलाएं, साथी मिनटों में समेट लेते थे सोने के जेवर

सीसीटीवी फुटेज व पोर्टल से खुला राज, पांच महिलाएं व ऑटो चालक गिरफ्तार

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। बृजमनगंज कस्बे की सर्राफा दुकान से दिनदहाड़े सोने के आभूषण चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतर्जनपदीय महिला चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरोह की पांच महिलाएं रिश्तेदार हैं, जो ग्राहक बनकर दुकानों में पहुंचती थीं। कुछ महिलाएं दुकानदार को बातचीत और आभूषण दिखाने में उलझाए रखती थीं, जबकि उनकी साथी पलक झपकते ही कीमती जेवर समेट लेती थीं। वारदात के बाद सभी अलग- अलग निकलतीं और पहले से रिजर्व ऑटो में बैठकर फरार हो जाती थीं।
जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को बृजमनगंज स्थित सर्राफा व्यवसायी नूर मोहम्मद की दुकान से सोने के आभूषण चोरी होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गाण्डिव पोर्टल की मदद से गिरोह की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण गलाकर बनाई गई 5.57 ग्राम की पीली धातु की टिकिया, घटना में प्रयुक्त ऑटो, चार मोबाइल फोन और 12,580 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछ-ताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह अलग-अलग जिलों के भीड़-भाड़ वाले बाजारों और सर्राफा दुकानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद आभूषणों को तुरंत गलाकर टिकिया बना दी जाती थी, ताकि उनकी पहचान समाप्त हो जाए। पुलिस के अनुसार गिरोह की सरगना मंजू के खिलाफ गोरखपुर और महराजगंज के विभिन्न थानों में पहले से चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, उप-निरीक्षक गजेन्द्र प्रताप सिंह, निरंजन राय, महिला उप-निरीक्षक अर्चना यादव, प्रिया वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने व्यापारियों से प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments