संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नगर पंचायत मगहर के मनोनीत सभासद गौरव कुमार निषाद ने नगर पंचायत के विभिन्न अभिलेखों एवं विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेजों के निरीक्षण की अनुमति देने की मांग करते हुए अध्यक्ष नगर पंचायत को एक पत्र सौंपा है।
पत्र में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों, बोर्ड बैठक की कार्यवाही पुस्तिका, संकल्प रजिस्टर, माप पुस्तिका (एमबी), प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियां, निविदा अभिलेख, भुगतान संबंधी अभिलेख, कैश बुक, लेजर, संपत्ति एवं स्टॉक रजिस्टर सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों के निरीक्षण का अनुरोध किया गया है।
मनोनीत सभासद गौरव कुमार निषाद का कहना है कि जनप्रतिनिधि के रूप में विकास कार्यों में पारदर्शिता, वित्तीय जवाबदेही और जनहित सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभिलेखों के निरीक्षण की अनुमति मांगी है। उन्होंने अनुरोध किया है कि निरीक्षण के लिए तिथि और समय निर्धारित कर उन्हें लिखित रूप से अवगत कराया जाए।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि नियमानुसार निरीक्षण की अनुमति नहीं दी जाती है, तो वे उपलब्ध वैधानिक प्रावधानों के अनुसार सक्षम अधिकारियों के समक्ष आगे की कार्रवाई कर सकते हैं।
नगर पंचायत के अभिलेखों के निरीक्षण की यह मांग स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
