बलिया (राष्ट्र की परम्परा )

पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी के तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में सिकंदरपुर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, बीते नौ अक्टूबर को तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी मनियर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीन युवकों पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखकर युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई।
इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवकों ने मोटरसाइकिल चोरी करने और उसे बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल संख्या यूपी 60 एपी 8898 बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल चौहान और रानू कुमार भारती, निवासी बलेउर, थाना सहतवार तथा रोहित गुप्ता, निवासी उदहा, थाना सहतवार के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर सिंह, उपनिरीक्षक जयदीप यादव, रविशंकर पटेल, कांस्टेबल विनय प्रताप सिंह और कांस्टेबल अंकुर वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 248/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया