मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कोपागंज क्षेत्र के देकवारा स्थित नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित 60 लीटर दूध और 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम को मौके पर नष्ट करा दिया गया। नष्ट किए गए दूध की अनुमानित कीमत 2,400 रुपये और मिल्क क्रीम की कीमत 27,000 रुपये बताई गई है।सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मेसर्स नयन डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान मिलावट की आशंका के आधार पर स्किम्ड मिक्स मिल्क, सोडियम कार्बोनेट, खोया, स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी और मिल्क क्रीम के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।निरीक्षण में दूध एवं दुग्ध उत्पादों के निर्माण परिसर में अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में काम होता पाया गया। इस संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।अभियान के दौरान मेसर्स अतुल एजेंसी, प्रोपराइटर अतुल कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी लिए गए। इसके अलावा मेसर्स हनुमान ट्रेडर्स, ब्रह्मस्थान, मेसर्स उर्मिला स्पाइसेज, सदर चौक तथा मेसर्स सत्यप्रकाश देवेन्द्र कुमार बर्नवाल, सदर चौक का निरीक्षण किया गया।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं करने, खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने तथा प्रतिष्ठानों और निर्माण परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मंजूषा सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना, अजीत कुमार त्रिपाठी, रीता, स्वामीनाथ, विजय प्रकाश और ओमप्रकाश यादव शामिल रहे।
