बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर सतीजोर गांव के पास शनिवार शाम दुर्गा प्रतिमा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर बैठे जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के भगंहर जमदान निवासी चौधरी अपने साले राजित राम (19) निवासी सैदानगर, थाना मोतीपुर के साथ शादी का रिश्ता तय करने के सिलसिले में बेलवा भारी जा रहे थे। इसी दौरान सतीजोर गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दुर्गा प्रतिमा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नवरात्रि पूजन के लिए दुर्गा प्रतिमा ले जाई जा रही थी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे राजित राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना सतीजोर निवासी जुनैद खान ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में नवाबगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
