लार रोड स्थित पैलेस में 12 अक्टूबर को होगा सामूहिक विवाह समारोह, प्रत्येक जोड़े पर खर्च होंगे एक लाख रुपये

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को देवरिया जिले में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें कुल 239 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। समारोह का आयोजन राजकुमारी हृदय नारायण सिंह पैलेस, पड़री गजराज, महुआबारी इंटर कॉलेज के निकट, लार रोड पर प्रस्तावित है।जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि समारोह में विभिन्न विकास खंडों और नगर निकायों के पात्र जोड़े शामिल होंगे। इनमें विकास खंड भाटपाररानी के 15, बरहज के 32, भागलपुर के 47, सलेमपुर के 55 और लार के 73 जोड़े शामिल हैं। इसके अलावा नगर पंचायत लार के नौ, गौरा बरहज के छह तथा मझौलीराज के दो जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजे जाएंगे। वहीं, 21 हजार रुपये गृहस्थी की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा 15 हजार रुपये आयोजन, भोजन, टेंट सहित अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाएंगे।जिले में आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के अवसर पर सहायता उपलब्ध कराना है।