आईजीआरएस निस्तारण और राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त विभिन्न संदर्भों, लंबित शिकायतों तथा कर-करेत्तर राजस्व संग्रह की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त मुख्यमंत्री, आयुक्त, जिलाधिकारी तथा तहसील दिवस से संबंधित सभी संदर्भों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में न पहुंचे। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से प्राप्त होने वाले संतुष्टि फीडबैक पर विशेष ध्यान देने को कहा।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देने तथा सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में विफल रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देय, वन विभाग, सिंचाई एवं नलकूप, नगर निकाय, खनन, मंडी समिति, बांट-माप तथा खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रह की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, विभिन्न उप जिलाधिकारी, विभागीय अधिकारी तथा जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
