महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के सदर तहसील अंतर्गत विकास खंड महराजगंज में निर्माणाधीन सड़क परियोजना एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। महराजगंज से चिंउरहा, रामपुर बुजुर्ग होते हुए बागापार तक बन रही पक्की सड़क पर पुलिया निर्माण में कथित अनियमितता और मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत बागापार निवासी उमेश चंद मिश्र ने संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह सड़क परियोजना उच्च न्यायालय में दाखिल जनहित याचिका के बाद स्वीकृत हुई थी, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद थी। लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे पूरी परियोजना की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिया निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। पुरानी पुलिया के दोनों ओर घटिया सामग्री का प्रयोग कर नई पुलिया का चौड़ीकरण किया जा रहा है, जो तकनीकी दृष्टि से बेहद चिंताजनक है। इससे न केवल पुलिया की मजबूती पर असर पड़ेगा, बल्कि भविष्य में इसके जल्द जर्जर होने या ध्वस्त होने की आशंका भी बनी हुई है।
ये भी पढ़े – फसल प्रदर्शन व किसान संगोष्ठी आयोजित, प्रगतिशील किसान सम्मानित
स्थानीय ग्रामीणों में भी इसको लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई, तो आने वाले समय में बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। साथ ही सरकारी धन के दुरुपयोग की भी आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषी ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके।
शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पुलिया निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने की अपील की है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, मजबूत और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।
ये भी पढ़े – Maharajganj News: लोहे के पाइप से हमला, कंपाउंडर गंभीर रूप से घायल—पुरानी रंजिश में वारदात
