Sunday, March 1, 2026
HomeNewsbeatनेपाल चुनाव को लेकर सीमा पर सख्ती,भारत– नेपाल समन्वय समिति की अहम...

नेपाल चुनाव को लेकर सीमा पर सख्ती,भारत– नेपाल समन्वय समिति की अहम बैठक

02 मार्च की मध्य-रात्रि से सामान्य आवागमन रहेगा बंद,आपात सेवाएं जारी

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत–नेपाल समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक 22 वीं बटालियन एसएसबी के कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नेपाल में प्रस्तावित आगामी प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और कड़ी निगरानी रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, 22 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारी तथा भारत और नेपाल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने नेपाल से भारत आने वाले मुख्य मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण पगडंडियों पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसबी, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों को अराजक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नेपाली प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर यह सहमति बनी कि 02 मार्च की मध्यरात्रि से नेपाल–भारत सीमा पर सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रहेगा। हालांकि, आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं—जैसे एंबुलेंस, पेट्रोलियम पदार्थ, एलपीजी गैस और अन्य जरूरी आपूर्ति—दोनों देशों के प्रशासन के आपसी समन्वय से निर्बाध रूप से संचालित होती रहेंगी।जिलाधिकारी ने नेपाली प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए भारत की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए संयुक्त रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
सीमा क्षेत्र में बढ़ाई जा रही यह सतर्कता आगामी चुनावों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और भारत–नेपाल के मधुर संबंधों को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments