
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। मटेरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से करीब सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया गया कि कोतवाली नानपारा क्षेत्र के बघौली निवासी विजयपाल की सात वर्षीय बेटी गौरी अपने ननिहाल मटेरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में रह रही थी। बुधवार को वह गांव में थी। इसी दौरान ईंट से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे रौंद दिया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल गौरी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की जानकारी मिलने पर मटेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।मटेरा थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। वाहन को कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
