Sunday, March 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलियाबलिया में होली से पहले वेतन-पेंशन जारी, कर्मचारियों में खुशी

बलिया में होली से पहले वेतन-पेंशन जारी, कर्मचारियों में खुशी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। रंगों के महापर्व से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बलिया जिले में कार्यरत सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में होली से पहले ही वेतन और पेंशन की राशि भेज दी गई है। इससे हजारों परिवारों को त्योहार से पहले आर्थिक संबल मिला है।

28 फरवरी तक भुगतान के निर्देश

वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने बताया कि शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश थे कि 28 फरवरी तक हर हाल में वेतन और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। कोषागार विभाग ने समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी लाभार्थियों के खातों में धनराशि हस्तांतरित कर दी।

24 हजार पेंशनरों को 76 करोड़

जिले के करीब 24 हजार पेंशनभोगियों के खातों में लगभग 76 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। इसके अलावा लगभग 40 हजार सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी इस निर्णय से लाभान्वित हुए हैं।
कुल मिलाकर करीब 200 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए, जिससे किसी प्रकार की देरी या असुविधा की स्थिति नहीं बनी।

ये भी पढ़े – मध्य पूर्व तनाव से बलिया के परिवार चिंतित, उड़ानें प्रभावित

सभी विभागों को मिला लाभ

वेतन पाने वालों में जिला प्रशासन के अधिकारी—डीएम, एसपी, सीडीओ, डीएफओ—के साथ स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर-कर्मचारी, शिक्षा विभाग के शिक्षक, पुलिस जवान, पीआरडी जवान और नगर निकायों के सफाईकर्मी शामिल हैं।

बाजारों में बढ़ेगी रौनक

त्योहार से पहले वेतन-पेंशन मिलने से स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। व्यापारियों का मानना है कि समय से धनराशि मिलने से बाजार में रौनक आएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि सभी नागरिक प्रसन्नचित रहें और सुरक्षित तरीके से पर्व मनाएं।

ये भी पढ़े – रंगों में रची समरसता की संस्कृति: होली का व्यापक संदेश

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments