
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पंचायत मिहींपुरवा स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर राक्षसों के वध तक की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान पूरा मैदान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण से सराबोर रहा।रामलीला में भगवान श्रीराम के जन्म, गुरु वशिष्ठ द्वारा नामकरण, गुरुकुल गमन तथा महर्षि विश्वामित्र के साथ राक्षसों के वध के प्रसंगों को कलाकारों ने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। श्रीराम जन्म के दृश्य के दौरान श्रद्धालुओं ने जयघोष किया, जिससे पूरा रामलीला मैदान भक्तिमय हो उठा। वहीं, गुरु वशिष्ठ द्वारा नामकरण और गुरुकुल गमन के प्रसंगों ने भगवान श्रीराम के संस्कारमय जीवन को दर्शाया।महर्षि विश्वामित्र के साथ राक्षसों के वध के दृश्यों का प्रभावशाली मंचन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों के सजीव अभिनय, भावपूर्ण संवाद और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला के माध्यम से धर्म की विजय, सत्य की शक्ति और भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में रामलीला ट्रस्ट के अध्यक्ष जुगुल किशोर के साथ निकुंज अग्रवाल, अमित रस्तोगी, अजय मदेशिया, गिरीश त्रिपाठी, मदन पोरवाल, दीपक मदेशिया, रवि मोहन गुप्ता, कमल पोरवाल, कुमार प्रदीप, अरविन्द वर्मा, संतोष मदेशिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
