सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। खजूरी थाना क्षेत्र में शनिवार को बैंक के रिकवरी एजेंट पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में घायल एजेंट को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, खजूरी थाना क्षेत्र के कासमपुर गांव निवासी 30 वर्षीय मुकेश तिवारी सिसोटार बैंक ग्रामीण बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह वह बैंक संबंधी कार्य से क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान कासमपुर और बालूपुर गांवों के बीच स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।सूचना मिलने पर खजूरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।फिलहाल हमले के कारणों और आरोपितों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।