नहर में शव दिखते ही मचा हड़कंप, 65 वर्षीय महिला की अब तक नहीं हुई पहचान

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास बुधवार शाम देवरिया शाखा नहर में करीब 65 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। नहर में शव दिखाई देने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शव मिलने की सूचना आसपास के गांवों में देकर स्थानीय लोगों से महिला के संबंध में जानकारी जुटाई गई, लेकिन देर शाम तक कोई पहचान सामने नहीं आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है। महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और गांवों से भी संपर्क किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की सूचना के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला का शव नहर में कहां से पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की शिनाख्त होने के बाद ही मौत के कारणों तथा घटनाक्रम से जुड़ी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।