बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड नवाबगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत रहीमनगर को भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा समुदाय-आधारित आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश की मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में चयनित किया गया है। मंत्रालय की ओर से प्रत्येक राज्य से एक ग्राम पंचायत का चयन इस कार्यक्रम के लिए मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में किया गया है।रहीमनगर के मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में चयनित होने पर ग्राम प्रधान अतुल कुमार सिंह ने ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी सौंपी और लगातार सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया, उसी का परिणाम है कि ग्राम पंचायत रहीमनगर को यह गौरव प्राप्त हुआ है।ग्राम प्रधान ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समस्त ग्रामवासियों के विश्वास, सहयोग और एकजुट प्रयासों का परिणाम है। ग्राम पंचायत को मॉडल के रूप में चयनित किए जाने से आपदा जोखिम न्यूनीकरण, जन-जागरूकता तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय, उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग तथा जिला प्रशासन का आभार जताया। साथ ही कहा कि ग्राम पंचायत रहीमनगर को विकास और जनहित के कार्यों में लगातार आगे ले जाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।