
पैसों के लालच में 52 वर्षीय अनीश की हत्या! तीन दोस्तों ने बेल्ट से घोंटा गला, सलाई से किया हमला; गन्ने के खेत में फेंका शव

बिजनौर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पैसों के लालच में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 52 वर्षीय अनीश की हत्या उसके ही नए बने तीन दोस्तों ने इस शक में कर दी कि उसके पास बड़ी रकम है। आरोप है कि सुनसान स्थान पर ले जाकर पैसे की तलाश के दौरान विरोध करने पर एक आरोपी ने बेल्ट से गला घोंट दिया, जबकि दूसरे ने स्वेटर बुनने वाली सलाई से गले पर हमला किया। हत्या के बाद शव को नहर किनारे गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
मामला स्योहारा थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से जुड़ा है। अनीश 21 सितंबर को हल्दौर में लगने वाला गुदड़ी मेला देखने पहुंचे थे। रात में वह अपनी बहन के घर रुके। अगले दिन मेला देखने के बाद वह अपनी बहन के ससुर के साथ हल्दौर में एक चाय की दुकान पर पहुंचे। यहीं उनकी मुलाकात हिमांशु, राजा और हरप्रीत उर्फ हर्षअंगा से हुई। पहली मुलाकात में ही बातचीत बढ़ी और तीनों से उनकी दोस्ती हो गई।
पुलिस के अनुसार, इसके अगले दिन अनीश ने तीनों के साथ शराब पी और घूमने भी गए। इसी दौरान आरोपियों को कथित तौर पर शक हुआ कि अनीश के पास काफी रुपये हैं। रकम हड़पने के इरादे से वे उसे एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां आरोपियों ने उसकी तलाशी लेने की कोशिश की, जिसका अनीश ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हरप्रीत ने कथित तौर पर बेल्ट से अनीश का गला घोंट दिया। वहीं हिमांशु ने स्वेटर बुनने वाली सलाई से उसके गले पर हमला किया। गंभीर हमले के बाद अनीश की मौत हो गई। आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर नहर किनारे गन्ने के खेत में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
उधर, अनीश के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब पांच दिन तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद उनकी बहन और भाई स्योहारा थाने पहुंचे। अनीश के भाई अजीज की तहरीर पर पुलिस ने हिमांशु, राजा और हरप्रीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। परिवार ने अनीश के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई थी।
जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण CCTV फुटेज हाथ लगा। इसमें अनीश तीनों आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल से जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने हिमांशु और राजा को हिरासत में लेकर दोबारा पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात से जुड़ी जानकारी दी।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे गन्ने के खेत से अनीश का शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, शव करीब आठ दिन पुराना था और काफी सड़-गल चुका था। घटनास्थल से अनीश का आधार कार्ड भी मिला। पुलिस ने आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है।
एसपी अमित किशोर श्रीवास्तव के मुताबिक, मामले में हिमांशु और राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपी हरप्रीत उर्फ हर्षअंगा की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि अनीश के पास कोई बड़ी रकम नहीं थी। यानी जिस पैसे के लालच में हत्या किए जाने का आरोप है, वह रकम आरोपियों के महज शक पर आधारित थी। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
