गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)।जनपद में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गीडा क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति जब्त कर ली गई। जब्त की गई संपत्ति में एक दोपहिया वाहन (रॉयल एनफील्ड बुलेट) शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है। यह कदम उन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जो गैंग बनाकर हत्या के प्रयास, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हुए अवैध संपत्ति अर्जित करते हैं।
जिस अभियुक्त की संपत्ति जब्त की गई है, उसकी पहचान विशाल यादव पुत्र संतोष यादव उर्फ जुगानी, निवासी नौसढ़ थाना गीडा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विशाल यादव लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त द्वारा गैंग बनाकर हत्या के प्रयास और लूट जैसे संगठित अपराधों को अंजाम दिया जाता था, जिससे उसने अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की। इसी क्रम में प्रशासन द्वारा वाद संख्या 181714/2024 के तहत आदेश जारी किया गया, जिसके अनुपालन में जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अभियुक्त के आपराधिक इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 2017 से लेकर 2024 तक उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या के प्रयास, लूट, धमकी और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। वर्ष 2022 और 2023 में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए, जो उसकी सक्रिय आपराधिक भूमिका को दर्शाते हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को आर्थिक रूप से कमजोर करना है, ताकि वे अवैध संसाधनों का उपयोग आगे की आपराधिक गतिविधियों में न कर सकें। इससे समाज में कानून का सख्त संदेश भी जाता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैंगस्टर और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन अपराधियों ने अवैध संपत्ति अर्जित की है, उनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
गैंगस्टर पर पुलिस का शिकंजा, 2.5 लाख की अवैध संपत्ति जब्त
प्रेम प्रसंग में नाबालिग की जिद, 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी, डेढ़ घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी की जिद को लेकर करीब 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी पर खड़ी लड़की जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रही थी कि यदि उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह कूदकर जान दे देगी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार झंगहा क्षेत्र की रहने वाली लड़की शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। ऊपर पहुंचते ही उसने नीचे खड़े लोगों से अपनी बात कहना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने पहले खुद ही लड़की को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह बार-बार टंकी की रेलिंग के पास जाकर कूदने की कोशिश करती, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
करीब एक घंटे बाद सूचना मिलने पर झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक उसे समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने लड़की के 17 वर्षीय प्रेमी को भी मौके पर बुलाया।
पुलिस ने लड़की को भरोसा दिलाया कि उसकी शादी उसी लड़के से कराई जाएगी। इसके बाद भी जब वह पूरी तरह आश्वस्त नहीं हुई, तो मौके पर सिंदूर, माला और शादी से जुड़े अन्य सामान मंगवाए गए। इन सबको देखकर लड़की का विश्वास बना और वह टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
जैसे ही लड़की नीचे उतरी, पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, नीचे आने के बाद जब पुलिस ने उसे समझाया कि वह अभी नाबालिग है और इस उम्र में शादी करना उचित नहीं है, तो वह फिर से टंकी की ओर भागने लगी। स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और शांत कराया।
इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें समझाया गया। पुलिस ने नाबालिग विवाह के कानूनी पहलुओं और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। थाना प्रभारी अनूप सिंह के अनुसार करीब डेढ़ घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम के बाद लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया। समझाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और अब वह बालिग होने के बाद ही शादी करने पर सहमत हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, क्योंकि प्राथमिकता लड़की की जान बचाना और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करना था। परिजनों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्ची पर विशेष ध्यान दें और उसकी काउंसलिंग कराएं।
यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि किशोरावस्था में बच्चों को सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की कितनी आवश्यकता होती है। समय रहते संवाद और समझदारी से ऐसे मामलों को रोका जा सकता है।
राम कथा में उमड़ा आस्था का सागर, धर्म विजय के प्रसंगों ने भावविभोर किए श्रद्धालु
सिद्धार्थनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के पथरा बाजार क्षेत्र के गौरी पाठक गांव में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के आठवें दिन श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। अयोध्या धाम से पधारे कथावाचक रामकुमार दास जी महाराज ने रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, कुम्भकरण वध और रावण वध की कथा सुनाई। कथा सुनने के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथावाचक ने बताया कि लंका युद्ध के दौरान मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध हुआ। युद्ध के दौरान मेघनाद के शक्तिबाण से लक्ष्मण मूर्च्छित हो गए, जिससे पूरी वानर सेना और भगवान श्रीराम चिंतित हो उठे। इसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी लाकर लक्ष्मण के प्राणों की रक्षा करते हैं और पुनः युद्ध में लक्ष्मण मेघनाद का वध करते हैं। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने संकट में धैर्य, विश्वास और समर्पण की भावना का संदेश दिया।
उन्होंने आगे बताया कि युद्ध में कुम्भकरण का वध भगवान श्रीराम के हाथों हुआ, जो अहंकार और अज्ञान के अंत का प्रतीक है। इसके बाद रावण वध का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि अधर्म, अन्याय और अत्याचार का अंत निश्चित है और धर्म की विजय सदैव होती है।
कथा के दौरान माता शबरी प्रसंग का भी विस्तार से वर्णन किया गया, जिसमें शबरी की निष्कलंक भक्ति, समर्पण और भगवान श्रीराम के प्रति उनके अटूट प्रेम को दर्शाया गया। कथावाचक ने बताया कि सच्ची भक्ति में भेदभाव का कोई स्थान नहीं होता।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थानीय कमेटी के सदस्य सक्रिय रहे। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजू श्रीवास्तव ने भगवान श्रीराम का विधि-विधान से राज्याभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
श्रोताओं की पसंद से तय होती है प्रस्तुति: पं. हरीश तिवारी
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। दूरदर्शन व आकाशवाणी से जुड़े शास्त्रीय संगीत गायक पंडित हरीश तिवारी ने कहा कि बदलते दौर में कलाकार वही प्रस्तुत करते हैं, जिसमें श्रोताओं की रुचि होती है। उन्होंने चिंता जताई कि नई पीढ़ी का रुझान शास्त्रीय संगीत, ठुमरी, गजल, दादरा, कजरी और चैती से हटकर फूहड़ गीतों की ओर बढ़ रहा है, जिस पर नियंत्रण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शास्त्रीय संगीत साधना और अनुशासन का विषय है, जिसे समझने और आत्मसात करने में समय लगता है। गुरुवार को नागरी प्रचारणी के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी के न्यू कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने यह विचार व्यक्त किए।
पंडित तिवारी ने कहा कि पूर्व के महान गायक मन्ना डे, मुहम्मद रफी और किशोर कुमार के गीत आज भी परिवार के साथ बैठकर सुने जा सकते हैं, लेकिन वर्तमान समय में कई ऐसे गीत बन रहे हैं जिन्हें पारिवारिक माहौल में सुनना कठिन हो गया है। उन्होंने इस स्थिति में सुधार के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कलाकार का उद्देश्य अपनी कला का प्रदर्शन करना होता है, लेकिन प्रस्तुति का स्वरूप श्रोताओं की पसंद से प्रभावित होता है। इसलिए जरूरी है कि समाज में शास्त्रीय और पारंपरिक संगीत के प्रति रुचि को पुनर्जीवित किया जाए।
पंडित हरीश तिवारी भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी, पंडित ठाकुर चौबे, अजीत भट्टाचार्य, आचार्य नन्दन और पंडित कुंदन लाल शर्मा को गुरु मानते हैं। उन्होंने देश के विभिन्न महानगरों जैसे मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और वाराणसी में मंचीय प्रस्तुतियां दी हैं और कई पुरस्कार भी हासिल किए हैं।
शोध पात्रता परीक्षा में 14% अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, एक मोबाइल के साथ धराया
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शोध पात्रता परीक्षा कड़ी सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। पहले दिन दोनों पालियों में कुल 86 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 14 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभ्यर्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रियाएं भी जानीं। सुबह की पाली में तीन केंद्रों पर 10 विषयों तथा शाम की पाली में भी 10 विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। शेष 26 विषयों की परीक्षा अगले दिन आयोजित की जाएगी।
मुख्य नियंता डॉ. टी.एन. मिश्र के नेतृत्व में नियंता मंडल पूरे दिन सक्रिय रहा। शाम की पाली में एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल को सीज कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा के अनुसार अंतिम दिन सुबह की पाली में प्राणि विज्ञान, भूगोल, कंप्यूटर साइंस तथा कृषि संकाय के सभी विषयों की परीक्षा होगी। वहीं शाम की पाली में प्राचीन इतिहास, बायोटेक्नोलॉजी, व्यवसाय प्रशासन, दृश्य कला, संस्कृत, रसायन विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, फार्मेसी, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल पहचान पत्र लाना जरूरी है, जबकि मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
गैस सिलेंडर चोरी की वारदात से हड़कंप, अफवाहों के माहौल में सक्रिय हुए असामाजिक तत्व
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के विकासखंड परतावल अंतर्गत ग्राम पंचायत लखिमा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े गैस सिलेंडर लूट की घटना सामने आई। राज गैस सर्विस का एक कर्मचारी घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी के लिए गांव पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ मनबढ़ युवक अचानक मौके पर पहुंचे और कर्मचारी के पास मौजूद दो गैस सिलेंडर चुराकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कर्मचारी द्वारा शोर मचाने पर आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी युवक सिलेंडर लेकर भाग चुके थे। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि इन दिनों पेट्रोल-डीजल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण क्षेत्र में पहले से ही असामान्य स्थिति बनी हुई है। पेट्रोल पंपों पर भीड़, ईंधन की अधिक खरीद और बाजार में बढ़ती बेचैनी के बीच असामाजिक तत्व मौके का फायदा उठाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि इसी अव्यवस्था का लाभ उठाते हुए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी मानसिक रूप से काफी सहमा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव और आस-पास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आस- पास के लोगों से पूछ-ताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अफवाहों और अव्यवस्था के माहौल में किस प्रकार असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में प्रशासन और आमजन दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: अफवाहों से बचें, डीएम ने पेट्रोल पंपों का किया निरीक्षण
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारू उपलब्धता और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं एसडीएम सदर एवं जिला पूर्ति अधिकारी के साथ विभिन्न पेट्रोल पंपों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था और बिक्री की स्थिति का जायजा लेते हुए आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले पकड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां पंप संचालक से उपलब्ध स्टॉक की जानकारी ली गई। संचालक ने बताया कि पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर था, जिसमें से लगभग 5,000 लीटर की बिक्री हो चुकी है। वहीं डीजल का कुल स्टॉक 43,792 लीटर था, जिसमें 3,523 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। संचालक ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा तेल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के कारण लोग जरूरत से अधिक ईंधन खरीद रहे हैं, जिससे पंपों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है।
इसके बाद जिलाधिकारी महुअवां ढाला स्थित मा बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता एवं बिक्री की स्थिति का निरीक्षण किया। यहां पेट्रोल का कुल स्टॉक 23,890 लीटर पाया गया, जिसमें से 8,161 लीटर की बिक्री हो चुकी थी। वहीं डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर था, जिसमें मात्र 91 लीटर की बिक्री दर्ज की गई। पंप संचालक ने बताया कि बिक्री सामान्य रूप से चल रही है, हालांकि उपभोक्ताओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैलन या डिब्बों में ईंधन की बिक्री न की जाए। साथ ही, यदि कहीं संदिग्ध गतिविधि या असामान्य खरीदारी देखी जाए तो तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। उन्होंने पंपों पर मौजूद उपभोक्ताओं को भी जागरूक करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों के प्रभाव में आकर अनावश्यक ईंधन भंडारण न करें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जाए और कहीं भी आपूर्ति या वितरण में बाधा न आने दी जाए। यदि किसी पंप पर अनियमितता पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनपद में वर्तमान में कुल 134 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिन पर लगभग 1,036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। 26 मार्च को जनपद में 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई, जिससे स्पष्ट है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और संतुलित बनी हुई है।
बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने हेतु रेलवे ने प्रदान किया लाइसेंस
वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने सतत एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए बनारस (BNRS) रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित करने हेतु ई-नीलामी के माध्यम से लाइसेंस प्रदान किया है, जिसकी वार्षिक लाइसेंस फीस ₹2.67 लाख निर्धारित हुई है। यह वाराणसी मंडल की इस प्रकार की पहली पहल है, जो नवाचार एवं यात्री सुविधाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह बैटरी स्वैपिंग सुविधा यात्रियों, आगंतुकों तथा अंतिम मील परिवहन सेवाओं (जैसे ई-रिक्शा एवं दोपहिया वाहन) के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि इससे डिस्चार्ज बैटरियों का त्वरित एवं सुविधाजनक प्रतिस्थापन संभव होगा। इससे चार्जिंग में लगने वाले समय की बचत होगी, स्थानीय परिवहन की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा पर्यावरण अनुकूल वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस सुविधा को बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुविचारित रूप से स्थापित किया गया है, जिससे उपलब्ध स्थान का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हुआ है तथा यात्रियों की आवाजाही में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। साथ ही, यह रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व अर्जन का एक सशक्त माध्यम भी है। यह पहल भारतीय रेल के हरित ऊर्जा, सतत अवसंरचना एवं बेहतर यात्री सुविधाओं के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है। वाराणसी मंडल निरंतर नवाचार के माध्यम से सेवा गुणवत्ता में सुधार एवं स्वच्छ एवं कुशल परिवहन तंत्र के विकास हेतु प्रयासरत है।
ज्ञातव्य हो की बैटरी स्मार्ट स्वैप स्टेशन एक भारतीय नेटवर्क है और इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए बैटरी-एज़-ए-सर्विस समाधान प्रदान करता है। यह स्टेशन इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को लगभग दो मिनट में डिस्चार्ज हो चुकी बैटरी को पूरी तरह चार्ज बैटरी से बदलने की सुविधा देता है। बैटरी स्मार्ट सदस्यता या सब्सक्रिप्शन के आधार पर काम करती है, जिसका उद्देश्य स्वैपेबल लिथियम-आयन बैटरी प्रदान करके इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए शुरुआती लागत को कम करना है। आईआईटी-कानपुर के स्नातकों द्वारा स्थापित इस कंपनी ने सुविधाजनक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए भारत के कई शहरों में पार्टनर स्वैपिंग स्टेशनों का एक व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है।
परसौनी बुजुर्ग में दिव्य रुद्र महायज्ञ की निकली भव्य शोभायात्रा, आस्था और उल्लास से सराबोर हुआ क्षेत्र
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड घुघली अंतर्गत ग्राम पंचायत परसौनी बुजुर्ग स्थित प्राचीन झारखंडी शिव मंदिर से शुक्रवार को दिव्य रुद्र महायज्ञ के उपलक्ष्य में भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, भक्ति गीतों की गूंज और रंग-बिरंगी झांकियों ने पूरे क्षेत्र को धार्मिक उत्साह और उल्लास से भर दिया। गांव से लेकर आस-पास के क्षेत्रों तक हर मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ हुई, जो बसंतपुर, रामपुर बल्डिंहा, कफवा होते हुए बैकुंठी धाम घुघली पहुंची। यज्ञ आचार्य शिवकुमार मिश्र के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पीत वस्त्र धारण किए लगभग 301 कन्याओं ने कलश में जल भरकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। यह दृश्य अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। इसके उपरांत शोभायात्रा पुनः बैकुंठी धाम से भुवना, भुवनी, मंगलपुर पटखौली, मठिया और बसंतपुर होते हुए अपने गंतव्य झारखंडी शिव मंदिर परिसर पहुंची।
यात्रा के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। डीजे की भक्ति धुनों पर थिरकते युवा जहां शोभायात्रा को जीवंत बना रहे थे, वहीं महिलाओं का समूह मंगल गीत गाते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहा था। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे हर-हर महादेव और जय श्री राम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा। शोभायात्रा में बुलडोजर पर सजी भगवान हनुमान की भव्य झांकी तथा रथ पर सवार भगवान शिव की आकर्षक झांकी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए रास्तों पर लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख संघ कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मंदिर के महंत राधेश्याम गिरी एवं तूफानी दास का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। यज्ञ के यजमान अविनाश पटेल व पवन पटेल के साथ आयोजन समिति के संयोजक कैलाश नाथ सिंह, ग्राम प्रधान अर्चना पटेल, उपाध्यक्ष आलोक मिश्र, कोषाध्यक्ष पवन कुमार पटेल, जवाहर लाल जायसवाल, सुशील कुमार, सुदर्शन प्रजापति, विजय पटेल, अखिलेश पटेल समेत अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के अनुसार दिव्य रुद्र महायज्ञ का आयोजन 11 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विधि-विधान से पूजन, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के मनोरंजन एवं धार्मिक जागरूकता के लिए प्रतिदिन रात्रि में भव्य रामलीला मंचन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं। समिति ने बताया कि महायज्ञ का समापन 5 अप्रैल 2026, रविवार को विशाल भंडारे के साथ होगा। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं और गांव के लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं, जिससे यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में एकता, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया है।
भव्य रूप से सम्पन्न हुआ वार्षिक निरंकारी संत समागम
सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक निरंकारी संत समागम आज महदहा चौराहा, सलेमपुर के समीप श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के पावन आशीर्वाद से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
संत समागम कार्यक्रम में भक्तों ने सत्संग, भजन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति रस से सराबोर रहा और श्रद्धालु आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करते नजर आए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जोनल इंचार्ज कुशीनगर कमलेश मणि त्रिपाठी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने मानव जीवन में आत्म मंथन, संतुलन और आध्यात्मिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को प्रेम, भाईचारे एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
आयोजक मंडल में रामअवध(महात्मा), महेंद्र(महात्मा), देवानंद(महात्मा), मुद्रिका, ऋषिमुनि, व्यास जी, डब्लू, डॉ. शंकर, खजांची, नीतू देवी, श्याम (तरकुलवां), डिग्री चंद्र, सुभाष शर्मा, महात्मा एवं किस्मती देवी सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
समागम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
हत्या मामले में वांछित आरोपी चंदन सिंह गिरफ्तार पुलिस को मिली बड़ी सफलता
शाहजहाँपुर (राष्ट्र की परम्परा) जनपद के थाना गढ़िया रंगीन पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 27 मार्च 2026 को पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना हाजा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 17/2026 में हत्या से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त चंदन सिंह पुत्र स्व. दिनेश सिंह निवासी ग्राम खमरिया, थाना गढ़िया रंगीन को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में थाना गढ़िया रंगीन पुलिस टीम लगातार अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी ग्राम गोगेपुर रोड पर शिव मंदिर के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय उससे पूछताछ में उसने अपना नाम चंदन सिंह बताया, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है।
अभियुक्त को 27 मार्च 2026 को सुबह 11:54 बजे ग्राम गंगेपुर रोड पर शिव मंदिर से करीब 200 मीटर पहले गिरफ्तार किया गया।
यह मुकदमा 15 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया था, जिसमें विभिन्न धाराओं के तहत हत्या सहित अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरकेश सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार और कांस्टेबल विकास गौतम शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Deoria: रामनवमी पर जहाज घाट मंदिर में भव्य पूजन-अर्चन, भक्तिमय हुआ माहौल
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया के बरहज क्षेत्र में रामनवमी के पावन पर्व पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन किया गया। नगरपालिका स्थित जहाज घाट पटेल नगर मध्य के श्रीराम मंदिर एवं आदिशक्ति माँ दुर्गा मंदिर में विशेष आयोजन हुआ।
वैदिक मंत्रों के साथ हुआ भव्य पूजन
मुख्य यजमान उमाशंकर जायसवाल और प्रमुख पुजारी संजय मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान श्रीराम का विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
ये भी पढ़े – Patna: ‘Teachers of Bihar’ की पहल, ‘Pragyanika’ पत्रिका का भव्य विमोचन
भजन-कीर्तन और आरती से गूंजा वातावरण
भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपरांत भव्य आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। घंट-घड़ियाल और शंख की ध्वनि से पूरा वातावरण राममय हो गया। पुजारी संजय मिश्रा ने “भय प्रकट कृपाला, दीनदयाला…” भजन के साथ आरती उतारी।
भक्तों में बांटा गया प्रसाद
इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुकेश शर्मा, अंजनी पांडेय, अजय गुप्ता, गुड्डू जायसवाल, आदित्य पांडेय, बलभाचार्य पांडेय, पूर्णवासी गौड़, रामलखन पांडेय सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
Patna: ‘Teachers of Bihar’ की पहल, ‘Pragyanika’ पत्रिका का भव्य विमोचन
पटना (राष्ट्र की परम्परा)। पटना में बिहार दिवस के अवसर पर “टीचर्स ऑफ बिहार” द्वारा प्रकाशित त्रैमासिक पत्रिका “प्रज्ञानिका” के द्वितीय खंड के प्रथम अंक का भव्य विमोचन किया गया। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
शिक्षकों और छात्रों के लिए सशक्त मंच
“प्रज्ञानिका” को केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि शिक्षकों, छात्रों और शिक्षा विभाग के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम बताया जा रहा है। इसमें शिक्षकों के अभिनव प्रयोग, सफलता की कहानियां और शिक्षा से जुड़े अहम विषयों को स्थान दिया गया है।
गरिमामय समारोह में हुआ विमोचन
पटना में आयोजित समारोह में संपादन टीम ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों को पत्रिका की प्रति भेंट की। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा सुधार की दिशा में अहम कदम बताया।
ये भी पढ़े – Sant Kabir Nagar: अवैध कफ सिरप कारोबार का भंडाफोड़, तीन मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार
समर्पित टीम का सराहनीय योगदान
पत्रिका के प्रकाशन में प्रधान संपादक डॉ. चंदन श्रीवास्तव, सह-संपादक शुभी श्रीवास्तव और डॉ. पूनम कुमारी सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तकनीकी और संपादन टीम की मेहनत से यह पत्रिका साकार हो सकी।
शिक्षा में सुधार और नवाचार पर जोर
संस्थापक शिव कुमार और टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने कहा कि “प्रज्ञानिका” शिक्षकों की रचनात्मकता का प्रतीक है और यह शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का एक अभियान है।
शिक्षकों से जुड़ने की अपील
प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार और मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने शिक्षकों से इस पहल से जुड़ने और अपने अनुभव साझा करने की अपील की, ताकि शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
ये भी पढ़े – देवरिया: सपा लोहिया वाहिनी का भाजपा पर हमला, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर जताई नाराजगी
Sant Kabir Nagar: अवैध कफ सिरप कारोबार का भंडाफोड़, तीन मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। संत कबीर नगर जिले में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध बिक्री के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मेडिकल स्टोर संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नहीं दिखा सके दस्तावेज
गिरफ्तार आरोपियों में विवेक कुमार चौधरी (न्यू चौधरी मेडिकल स्टोर, बघौली), विवेक चौधरी (लक्ष्मी मेडिकल स्टोर, गड़सरपार) और मोहम्मद नईम (आदर्श मेडिकल स्टोर, मगहर) शामिल हैं। जांच के दौरान ये सभी दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में सामने आया फर्जी बिलिंग का मामला
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मेडिकल स्टोर फर्जी विक्रय चालान के जरिए दवाओं की खरीद-बिक्री दिखा रहे थे। भिटवा टोला स्थित एक मेडिकल स्टोर में जांच के दौरान बिलों का सत्यापन करने पर अनियमितता पाई गई।
ये भी पढ़े – देवरिया: सपा लोहिया वाहिनी का भाजपा पर हमला, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर जताई नाराजगी
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मामले की शुरुआत 21 नवंबर 2025 को औषधि निरीक्षक की तहरीर पर हुई थी। इससे पहले भी दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आगे की जांच में इन तीनों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस कर रही गहराई से जांच
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई वैध अभिलेख नहीं दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े – Gorakhpur News: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शाहपुर क्षेत्र में मचा हड़कंप
देवरिया: सपा लोहिया वाहिनी का भाजपा पर हमला, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर जताई नाराजगी
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया में समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता परेशान है।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार इन समस्याओं को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पढ़ा-लिखा युवा बेरोजगारी के कारण निराश हो रहा है।
किसानों और व्यापारियों की समस्याएं उठाईं
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान गैस, डीजल और पेट्रोल की किल्लत से जूझ रहे हैं। गेहूं की फसल कटाई के समय डीजल की समस्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। वहीं व्यापारियों के साथ भी अन्याय हो रहा है।
ये भी पढ़े – Ballia Murder Case: मक्का तोड़ने के विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में तनाव
कानून व्यवस्था पर भी सवाल
दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस पर नियंत्रण नहीं रह गया है।
2027 चुनाव को लेकर किया दावा
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव लाने का काम करेगी।
कार्यक्रम में कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान सोनू प्रकाश, काका चौधरी, आजम, अमरेंद्र, धीरज पाल, बैजू गोड़, आयुष त्रिपाठी, सौरभ तिवारी, आकाश, वीर बहादुर, विनोद, बबलू, विनय पाल, अशोक चौहान, धर्मनाथ यादव, रेयाज अंसारी, केशव यादव, नरेंद्र, दुर्गेश, विजय यादव, जावेद अंसारी, सोनू खरवार, सोनू पटेल, मुन्ना, शुभम मद्देशिया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – Gorakhpur News: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शाहपुर क्षेत्र में मचा हड़कंप
