Sunday, April 19, 2026
HomeNewsbeatसोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भव्य आयोजन: आस्था, संस्कृति और गौरव का संगम...

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर भव्य आयोजन: आस्था, संस्कृति और गौरव का संगम बना गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद महराजगंज के चौक बाजार स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, महंत लक्ष्मणदास तथा शिक्षाविद् एस.पी. सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद से चयनित सोमनाथ तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि गुजरात के प्रभास पाटन में स्थित सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखता है और इसका इतिहास हजारों वर्षों पुराना है। अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण भारतीय समाज की अटूट आस्था और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर सांस्कृतिक एकता को और मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं पीएम सोनरा विद्यालय की छात्राओं द्वारा शिव तांडव सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही भजन गायक अमित अंजन द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबते नजर आए।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए शिक्षाविद् एस.पी. सिंह ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति पर हुए आक्रमणों और उसके प्रति समाज की सशक्त प्रतिक्रिया का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों से तीर्थयात्रियों का चयन और उनका प्रस्थान इस पर्व के महत्व को और अधिक बढ़ाता है तथा यह सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से चयनित 10-10 तीर्थयात्रियों को सोमनाथ (गुजरात) के लिए रवाना किया गया था। मुख्यमंत्री ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को सकुशल यात्रा एवं दर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देखा।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर परिसर स्थित शिवालय में महंत लक्ष्मणदास एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ पूरा वातावरण धार्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिरोमणि दुबे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन.कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी.चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ चौक ओ.पी. यादव, ईओ नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments