Sunday, June 21, 2026
Home Blog Page 45

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय गहिला महाविद्यालय खलीलाबाद में शैक्षिक सत्र 2025-26 का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राचार्य प्रो० (डॉ०) आशाराम द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
समारोहक डॉ० प्रीति सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रभारी डॉ० प्रीति सिंह ने वार्षिक क्रीड़ा समारोह की आख्या प्रस्तुत की, जबकि सह-समारोहक डॉ० संतोष कुमार चंद ने महाविद्यालय की संक्षिप्त वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। छात्राओं ने देशभक्ति गीत, काव्यपाठ और लोकगीत सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को जीवंत बना दिया।
वार्षिक क्रीड़ा समारोह में चैंपियन कु० श्वेता चौरसिया और उप-चैंपियन कु० ज्योति भास्कर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालयीय परीक्षा वर्ष 2025 में बीए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं—अंजना मौर्या, अंशिका मिश्रा और लक्ष्मी पाण्डेय—को भी पुरस्कृत किया गया।

ये भी पढ़ें – पीसीएस में सफलता: अरविंद गुप्ता बने वाणिज्य कर अधिकारी, क्षेत्र में जश्न का माहौल

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो० (डॉ०) आशाराम ने कहा कि सफलता के लिए संसाधनों से अधिक आवश्यक ईमानदारी और समर्पण है। उन्होंने छात्राओं को अपने दायित्वों के प्रति निष्ठावान रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ० प्रीति सिंह ने अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

देवरिया में यातायात पुलिस का सख्त अभियान, 73 वाहनों का चालान, 5 वाहन सीज

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए देवरिया में यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस टीम ने भटवलिया, बस स्टैंड, गोरखपुर ओवरब्रिज, कसया रोड और रागिनी मोड़ जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की गई। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना फिटनेस के चल रहे वाहनों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ चालान किया गया।

ये भी पढ़ें – UP Anganwadi Bharti 2026: 12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ा मौका, बिना परीक्षा सीधी भर्ती, ऐसे करें आवेदन

अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, तीन सवारी बैठाने, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। कुल 73 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 5 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलता है और वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता आती है। साथ ही यह स्पष्ट संदेश भी जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जीव अविनाशी — जीवन और मृत्यु का शाश्वत सत्य

सच है, सत्य मानो जैसे पाताल में खो गया हो,
अब तो झूठ ही जगत पर छाया हुआ प्रतीत होता है।
पुरानी कहावत भी आज सच लगती है—
“दो टके की पगड़ी, छ: टके में बिक जाती है।”
ढलते सूरज की तरह ही यह जीवन सफ़र है,
धीरे-धीरे संध्या की ओर बढ़ता हुआ।
उम्र की यह शाम संकेत देती है—
कि कहीं न कहीं एक और घर हमारा इंतज़ार कर रहा है।
जब मंज़िल का बुलावा आएगा,
तो उन राहों पर चलना ही पड़ेगा।
किस पल सांसों की डोर थम जाए,
और आत्मा परमात्मा से जा मिले—कहना कठिन है।
जन्म लिया है तो मृत्यु निश्चित है,
जीवन नश्वर है, मृत्यु ही अंतिम सत्य है।
यह शरीर क्षणभंगुर है, पर आत्मा अमर है,
ईश्वर का अंश—यह जीव सदा अविनाशी है।
लोग हमें जानते तो बहुत होंगे,
पर समझने वाले कम ही मिलते हैं।
समझदारी और सूझ-बूझ से ही
जीवन का क्रम आगे बढ़ाना पड़ता है।
— डॉ. कर्नल आदिशंकर मिश्र ‘आदित्य’

उर्वरक वितरण में फार्मर रजिस्ट्री होगी अनिवार्य, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में ‘‘धरती माता बचाओ अभियान’’ के अंतर्गत जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि शासनादेश के अनुसार 1 मई 2026 से उर्वरकों के वितरण में फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। वर्तमान में जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को उर्वरक का वितरण उनकी जोत/रकबा के आधार पर ही किया जाए। साथ ही गत वर्ष की तुलना में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके के वितरण पर विशेष नजर रखने को कहा। अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें – मणिपुर भूकंप: 5.2 तीव्रता से कांपी धरती, लोग घरों से भागे, जानिए कैसे बचें भूकंप से

उन्होंने यह भी कहा कि अधिक मात्रा में उर्वरक खरीदने वालों की निगरानी की जाए और कृषि गोष्ठियों व मेलों के माध्यम से किसानों को संतुलित उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, प्रभारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक मनोज कुमार, जिला प्रबंधक अखिलेश कुमार, डीपीआरओ मनोज कुमार, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सहित विनिर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

UP Anganwadi Bharti 2026: 12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ा मौका, बिना परीक्षा सीधी भर्ती, ऐसे करें आवेदन

लखनऊ/संभल (राष्ट्र की परम्परा)। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी और चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

राज्य के विभिन्न जिलों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में संभल जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, इच्छुक और योग्य महिलाएं 5 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट http://upanganwadibharti.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।

इस भर्ती के तहत संभल जिले की विभिन्न परियोजनाओं में पद भरे जाएंगे, जिनमें असमोली (30 पद), बहजोई (40 पद), बनिया खेड़ा (35 पद), गुन्नौर (14 पद), जुनावई (12 पद), पवासा (22 पद), रजपुरा (9 पद) और संभल क्षेत्र (41 पद) शामिल हैं। चयनित महिलाओं को अपने ही क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

• केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं
• किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य
• आयु सीमा: 18 से 35 वर्ष (1 जनवरी 2026 के अनुसार)
• आवेदन करने वाली महिला उसी ग्राम पंचायत/वार्ड की निवासी होनी चाहिए

जरूरी दस्तावेज

• 10वीं व 12वीं की मार्कशीट
• आधार कार्ड
• मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी
• मूल निवास प्रमाण पत्र
• जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
• पासपोर्ट साइज फोटो व हस्ताक्षर

ये भी पढ़े – मणिपुर भूकंप: 5.2 तीव्रता से कांपी धरती, लोग घरों से भागे, जानिए कैसे बचें भूकंप से

कैसे करें आवेदन?

  1. आधिकारिक वेबसाइट http://upanganwadibharti.in पर जाए
  2. “Latest Vacancies” में संबंधित जिले का चयन करें
  3. “New Anganwadi Worker Vacancy Registration” पर क्लिक करें
  4. नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, आधार व ईमेल भरें
  5. पासवर्ड बनाकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें
  6. लॉगिन कर आवेदन फॉर्म सावधानी से भरें
  7. फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें
  8. आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें
  9. भविष्य के लिए प्रिंट आउट जरूर रखें

मणिपुर भूकंप: 5.2 तीव्रता से कांपी धरती, लोग घरों से भागे, जानिए कैसे बचें भूकंप से

0

मणिपुर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में मंगलवार सुबह आए भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह-सुबह आए इस भूकंप से लोग नींद से जाग गए और अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई।

भूकंप की पूरी जानकारी

स्थान: मणिपुर (कामजोंग क्षेत्र)
समय: सुबह 5:59 बजे
गहराई: लगभग 62 किमी

वैज्ञानिकों के अनुसार यह मध्यम गहराई का भूकंप था, जिसके कारण झटके काफी तेज महसूस किए गए।

कहां था भूकंप का केंद्र?

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र मणिपुर के कामजोंग क्षेत्र में था। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।

भूकंप आने पर क्या करें?

अपनी सुरक्षा के लिए ये जरूरी उपाय अपनाएं:

• तुरंत टेबल या मजबूत फर्नीचर के नीचे छिपें
• खिड़की, शीशे और दीवारों से दूर रहें
• लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें
• खुले स्थान पर चले जाएं
• सिर और गर्दन को सुरक्षित रखें

क्या न करें?

• घबराकर भागदौड़ न करें
• बिजली के तारों या खंभों के पास न जाएं
• सीढ़ियों में भीड़ न लगाएं

हाल ही में कहां-कहां आए भूकंप?

गौरतलब है कि इससे पहले भी अप्रैल महीने की शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था, जहां जान-माल का नुकसान भी हुआ था।

पीसीएस में सफलता: अरविंद गुप्ता बने वाणिज्य कर अधिकारी, क्षेत्र में जश्न का माहौल

सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र का हुआ भव्य सम्मान, छात्र- छात्राओं को दिया सफलता का मूलमंत्र

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के पुरैना खंडी चौरा स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक और गर्व से भरा रहा, जब इसी विद्यालय के मेधावी पूर्व छात्र अरविंद कुमार गुप्ता ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई और पूरे इलाके में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला।
इस खास अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अरविंद गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने माहौल को आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बना दिया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने अरविंद गुप्ता की सफलता को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अरविंद की सफलता विद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें आगे बढ़ने की दिशा दिखाएगी।
सम्मान समारोह के दौरान अरविंद कुमार गुप्ता ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए लगातार मेहनत करते रहने की प्रेरणा दी।
इससे पहले ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनके आवास पर पहुंचकर भी उन्हें बधाई दी गई और सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, गर्व और प्रेरणा का माहौल बना रहा, जिसमें हर कोई इस उपलब्धि पर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा था।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने अरविंद गुप्ता की इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन शुरू

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के अंतर्गत जिले में राजकीय इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन कॉमर्स कॉलेज में कोचिंग संचालित की जा रही है।
योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट तथा अन्य एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 20 अप्रैल से शुरू हो गए हैं, जबकि अंतिम तिथि 05 जून निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा जून के दूसरे सप्ताह में आयोजित होगी और इसके बाद परिणाम, काउंसिलिंग व मेरिट के आधार पर चयन प्रक्रिया जून के तीसरे सप्ताह में पूरी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की कक्षाएं 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी।
आवेदन पत्र महाराजा अग्रसेन कॉमर्स कॉलेज स्थित अभ्युदय पुस्तकालय (कक्ष संख्या-4) से प्राप्त किए जा सकते हैं। अभ्यर्थी एक से अधिक कोर्स के लिए अलग-अलग आवेदन कर सकते हैं और पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
पात्रता की बात करें तो नीट और जेईई के लिए विज्ञान वर्ग के कक्षा 11 व 12 के छात्र या उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। वहीं यूपीएससी और यूपीपीएससी के लिए स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र या स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। एकदिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कक्षा 12 उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी निर्धारित मोबाइल नंबरों पर कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाई जा सके।

ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश

औरैया (राष्ट्र की परम्परा)l जिले में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाए और सभी कर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हर स्तर पर निगरानी मजबूत रखी जाए।
जिला मजिस्ट्रेट ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निर्देशित किया कि यह 24 घंटे संचालित रहे। इसके माध्यम से वेयरहाउस परिसर और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही परिसर की साफ-सफाई को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को कहा गया कि वे नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे परिसर व्यवस्थित और सुरक्षित बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

राज्य एलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल के सदस्य बने रोहित श्रीवास्तव

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय को मिली नई पहचान

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर के एलाइड एंड हेल्थ केयर विभागाध्यक्ष रोहित कुमार श्रीवास्तव को उत्तर प्रदेश राज्य एलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल का सदस्य नामित किया गया है।
श्री श्रीवास्तव पिछले तीन वर्षों से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके इस महत्वपूर्ण नामांकन से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।
विगत दिनों उन्हें रामा यूनिवर्सिटी, कानपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी में सर्वश्रेष्ठ शिक्षाविद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरेंद्र सिंह, कुलसचिव डॉ. प्रदीप राव सहित सभी संकाय अध्यक्षों एवं शिक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जिले में आयुष्मान कार्ड के लिए गांव-गांव पहुंचेगी प्रचार वाहिनी, जागरूकता अभियान शुरू

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l जिले में अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में सोमवार को सीएमओ कार्यालय परिसर से ईएलईडी प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को आयुष्मान योजना के प्रति जागरूक करेगी।
अभियान की शुरुआत करते हुए अपर निदेशक गोरखपुर मंडल ने बताया कि यह प्रचार वाहिनी जिले के गली-मोहल्लों, चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में कैंप लगाकर पात्र लोगों के कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक करीब आठ लाख लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि अभी भी छह लाख से अधिक पात्र लोगों के कार्ड बनना बाकी है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनाया जा रहा है और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिन लोगों के कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, वे अपनी पात्रता की जांच टोल फ्री नंबर 14555 या 180011565 पर कर सकते हैं या आयुष्मान भारत की वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आयुष्मान भारत योजना के तहत चयनित परिवारों को हर साल पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए लाभार्थियों के पास गोल्डन कार्ड होना आवश्यक है, जिसके आधार पर वे देशभर के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार करा सकते हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में शैक्षणिक लेखन पर कार्यशाला सम्पन्न

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ हेल्थ एंड लाइफ साइंसेज के तत्वावधान में जिज्ञासा माइंडएस्केप क्लब द्वारा पंचकर्म सभागार में शैक्षणिक लेखन विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी निदेशक डॉ. रघु राम आचार के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. अनुकृति राज ने किया। इस दौरान डॉ. पवन, डॉ. रश्मि, डॉ. प्रेरणा, डॉ. किरण, डॉ. धीरेंद्र और सुश्री निकिता सहित अन्य संकाय सदस्य भी सक्रिय रूप से सहभागी रहे।
कार्यशाला में संकाय के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने संवादात्मक गतिविधियों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से शैक्षणिक लेखन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक लेखन की दक्षता विकसित करना, स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके मानसिक परिदृश्य को सृजनात्मक दिशा देना रहा। कार्यशाला ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में नई ऊर्जा का संचार किया और विद्यार्थियों को ज्ञान-विस्तार के साथ आत्म-विकास का अवसर प्रदान किया।

भाई बना भाई का कातिल: मामूली विवाद में कैंची से ताबड़-तोड़ वार, किशोर की मौत से गांव में मातम

घरेलू कहासुनी ने लिया खौफनाक रूप, गंभीर घायल लक्ष्मण ने अस्पताल में तोड़ा दम

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौमुखा नौका टोला में सोमवार सुबह एक मामूली घरेलू विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। बड़े भाई ने गुस्से में अपने ही सगे छोटे भाई पर कैंची से ताबड़-तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल छा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (16 वर्ष) पुत्र उपेंद्र शर्मा का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15 वर्ष) से विवाद हो गया। शुरुआत में यह सामान्य कहासुनी थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बड़े भाई सूरज ने आपा खो दिया और घर में रखी कैंची से लक्ष्मण पर ताबड़-तोड़ वार कर दिए। हमले में लक्ष्मण के सिर और हाथ पर कई गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आस-पास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। आनन- फानन में घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान लक्ष्मण ने दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही घर के दो भाइयों के बीच हुए इस खूनखराबे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के बीच दहशत और गहरा दुःख व्याप्त है, वहीं हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आ रहा है।
सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

मिशन शक्ति अभियान तेज, महिलाओं को हेल्पलाइन और योजनाओं की दी जानकारी

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)l महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर जनपद देवरिया में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी।
अभियान के तहत थाना बनकटा क्षेत्र के रतसिया स्थित एक बैंक परिसर में टीम द्वारा महिलाओं और बच्चियों को पम्पलेट वितरित किए गए। इस दौरान उन्हें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने महिलाओं को इन सेवाओं का उपयोग कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में थाना बरहज क्षेत्र में घाट पर पहुंची महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को भी जागरूक किया गया। यहां भी पम्पलेट वितरण के साथ-साथ सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का प्रयोग करना चाहिए।
जनपद के अन्य थानों में भी मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सरकारी सहायता तंत्र से जोड़ना रहा।

8 माह से बकाया मानदेय पर गरजे ग्राम रोजगार सेवक, मंत्री पंकज चौधरी से मुलाकात में उठीं मांगें

नियमितीकरण और सीएम की घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर बना दबाव, मंत्री ने दिया शीघ्र समाधान का भरोसा

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित समस्याओं को लेकर सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को एक अहम पहल सामने आई, जब उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष/ जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में ग्राम रोजगार सेवकों एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भारत सरकार एवं सांसद पंकज चौधरी से उनके आवास पर मिला। इस दौरान ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी समस्याओं को मजबूती के साथ रखते हुए सरकार से त्वरित समाधान की मांग की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सबसे प्रमुख मुद्दा 8 माह से लंबित मानदेय भुगतान का उठाया। रोजगार सेवकों ने बताया कि लगातार कार्य करने के बावजूद उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और दैनिक जरूरतों को पूरा करना कठिन हो गया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इसके साथ ही 04 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा ग्राम रोजगार सेवकों के हित में की गई घोषणाओं को अब तक लागू न किए जाने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इतने लंबे समय के बाद भी इन घोषणाओं का धरातल पर क्रियान्वयन न होना सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि इन घोषणाओं को बिना किसी देरी के लागू किया जाए तथा ग्राम रोजगार सेवकों के नियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मियों को स्थायी दर्जा मिलना चाहिए, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा, स्थायित्व और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्थायी स्थिति में काम करना उनके भविष्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
इन सभी मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि 05 अप्रैल को सौंपा गया ज्ञापन शासन को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला वित्तीय और नीतिगत होने के कारण प्रक्रिया में कुछ समय लग रहा है, लेकिन सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री स्तर पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे को पार्टी स्तर पर भी मजबूती से उठाएंगे, ताकि समाधान में तेजी लाई जा सके। उनके इस आश्वासन से ग्राम रोजगार सेवकों में उम्मीद जगी है, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव इंद्रमणि विश्वकर्मा, घनश्याम कन्नौजिया, इंद्र विजय यादव, संतोष गुप्ता, सर्वेश कुमार मद्धेशिया, धर्मेंद्र पासवान, अनिल कुमार, अंजनी कुमार एवं दयानंद पटेल सहित कई अन्य रोजगार सेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।