औरैया (राष्ट्र की परम्परा)l जिले में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम, वीवीपैट और कंट्रोल यूनिट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाए और सभी कर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए हर स्तर पर निगरानी मजबूत रखी जाए।
जिला मजिस्ट्रेट ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निर्देशित किया कि यह 24 घंटे संचालित रहे। इसके माध्यम से वेयरहाउस परिसर और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही परिसर की साफ-सफाई को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को कहा गया कि वे नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे परिसर व्यवस्थित और सुरक्षित बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) सहित सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
