Saturday, June 13, 2026
Home Blog Page 245

क्यों जरूरी है मतदाता सूची का नियमित सत्यापन? जानिए पूरी प्रक्रिया

एसआईआर अभियान से डुमरियागंज में छूटे मतदाताओं का पंजीकरण, लोकतंत्र को मिली नई मजबूती

सिद्धार्थनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत छूटे हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभियान का नेतृत्व सेहरी इस्टेट के कुंवर विक्रम सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न बूथों पर मतदाता सूची का गहन परीक्षण कर उन नागरिकों की पहचान की गई, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका था।
अभियान के दौरान मिठवल मंडल के अंतर्गत आने वाले बूथों की प्रकाशित मतदाता सूची का सूक्ष्म अध्ययन किया गया। पात्र मतदाताओं की सूची आवश्यक प्रमाणों के साथ बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को सौंपी गई। बीएलओ द्वारा दस्तावेजों की पुष्टि और संतुष्टि के बाद सभी छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़े गए। इस प्रक्रिया में फार्म-6 भरवाने के साथ-साथ ऑनलाइन पंजीकरण भी सुनिश्चित किया गया।
जिला सहकारी बैंक सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। किसी तकनीकी त्रुटि या अन्य कारण से यदि किसी मतदाता का नाम सूची से हट जाता है, तो उसे समय रहते सुधारना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से अपने नाम की स्थिति की जांच करें और किसी भी त्रुटि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को तत्काल दें।

ये भी पढ़ें – भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 मैच में झड़प, सोशल मीडिया पर मची हलचल

अभियान के अंतर्गत मिठवल मंडल के सेहरी बुजुर्ग बूथ संख्या 390, 391, 392 तथा पेंडार के बूथ संख्या 411 के मतदाताओं का विशेष रूप से सत्यापन किया गया। बीएलओ से प्राप्त विवरण के आधार पर योग्य नागरिकों के फार्म भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया गया। इससे बड़ी संख्या में ऐसे नागरिकों को मताधिकार का अधिकार प्राप्त हुआ, जो अब तक इससे वंचित थे।

ये भी पढ़ें – घुघली टैक्सी स्टैंड बना लूट का अड्डा

इस पहल का सीधा प्रभाव आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा, जहां मतदान प्रतिशत बढ़ने की प्रबल संभावना है। अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी से न केवल निष्पक्ष और मजबूत लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुनिश्चित होगी, बल्कि जनप्रतिनिधित्व भी और अधिक सशक्त होगा। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में चला यह एसआईआर अभियान अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल बनकर उभरा है।

दो दिन बाद चलेगा बुलडोजर? अतिक्रमणकारियों में बढ़ी बेचैनी

अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्ती: नौतनवां के बरगदवां बाजार में दो दिन का अल्टीमेटम, जाम से मिलेगी राहत


महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां तहसील क्षेत्र के बरगदवां थाना अंतर्गत मुख्य कस्बे में लगातार गंभीर होती जा रही जाम की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क किनारे बढ़ते अवैध अतिक्रमण को यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा मानते हुए तहसील प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई का ऐलान किया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि दो दिनों के भीतर अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया तो जबरन हटाने के साथ न्यायिक कार्रवाई भी की जाएगी।

ये भी पढ़ें – प्रयागराज माघ मेला विवाद: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और पुलिस के बीच झड़प, प्रशासन ने कहा “बिना अनुमति आचरण गलत”

रविवार को तहसीलदार कर्ण सिंह एवं बरगदवां थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला पुलिस बल के साथ कस्बे का व्यापक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बरगदवां बाजार की मुख्य सड़क, प्रमुख चौक-चौराहों और कॉलेज रोड पर दुकानदारों, ठेला एवं खोमचा संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पाया कि सड़क की पटरियों और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जे के कारण आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार कर्ण सिंह ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अतिक्रमणकारी दो दिनों के भीतर स्वयं अपना अवैध कब्जा हटा लें। तय समय सीमा के बाद प्रशासन द्वारा चलाए जाने वाले अभियान में यदि अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं अतिक्रमणकारियों की होगी।

ये भी पढ़ें – भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 मैच में झड़प, सोशल मीडिया पर मची हलचल

वहीं बरगदवां थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला ने कहा कि कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण के कारण यदि जाम की स्थिति बनती है या कोई दुर्घटना होती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से बाजार क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा।
प्रशासन की इस सख्ती से स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। नागरिकों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाया गया तो बरगदवां कस्बे में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुचारु होगा। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और सुव्यवस्थित बाजार बनाया जा सकता है।

आज कौन से कार्य करें?

🕉️ पंचांग 19 जनवरी 2026 | आज का विस्तृत हिंदू पंचांग (सोमवार)


दिनांक: 19 जनवरी 2026, सोमवार
स्थान: भारत (द्रिक पंचांग अनुसार)
📜 आज का पंचांग संक्षेप
विक्रम संवत: 2082 (कालयुक्त)
शक संवत: 1947 (विश्वावसु)
चन्द्र मास: माघ (अमांत एवं पूर्णिमांत)
ऋतु: शिशिर
अयन: उत्तरायण

ये भी पढ़ें – 🌿 अकेला रह नहीं पाता

🪔 तिथि
माघ शुक्ल प्रतिपदा: 19 जनवरी 01:21 AM से 20 जनवरी 02:14 AM तक
माघ शुक्ल द्वितीया: 20 जनवरी 02:14 AM से आगे
🌟 नक्षत्र
उत्तराषाढ़ा: 11:52 AM तक
श्रवण: 11:52 AM के बाद
🔱 योग
वज्र योग: 08:45 PM तक
सिद्धि योग: 08:45 PM के बाद
🌀 करण
किस्तुघन: 01:51 PM तक
बव: 02:14 AM तक
बालव: 02:14 AM के बाद
☀️ सूर्य और 🌙 चंद्रमा का समय
सूर्योदय: 07:14 AM
सूर्यास्त: 06:00 PM
चन्द्रोदय: 07:34 AM
चन्द्रास्त: 06:36 PM

ये भी पढ़ें – मनोज तिवारी के मुंबई आवास से 5.40 लाख की चोरी

सूर्य एवं चंद्र राशि
सूर्य राशि: मकर
चंद्र राशि: मकर (पूरे दिन एवं रात)
🚫 अशुभ काल
राहुकाल: 08:35 AM – 09:55 AM
यमगण्ड: 11:16 AM – 12:37 PM
कुलिक: 01:58 PM – 03:19 PM
दुर्मुहूर्त: 12:59 PM – 01:42 PM, 03:08 PM – 03:51 PM
वर्ज्यम्: 04:04 PM – 05:45 PM
शुभ काल
ब्रह्म मुहूर्त: 05:37 AM – 06:25 AM
अभिजीत मुहूर्त: 12:15 PM – 12:59 PM
अमृत काल: 02:09 AM – 03:50 AM

ये भी पढ़ें – अपराध नियंत्रण की दिशा में देवरिया पुलिस का प्रभावी कदम

सर्वार्थसिद्धि योग
11:52 AM (19 जनवरी) से 07:14 AM (20 जनवरी)
(श्रवण नक्षत्र एवं सोमवार का विशेष संयोग)
🧭 यात्रा योग (दिशा शूल)
सोमवार को यात्रा वर्जित दिशा: पूर्व दिशा
यात्रा करनी हो तो क्या खाकर जाएँ:
गुड़ या दही खाकर यात्रा करें, दोष शमन होता है।
लाभदायक दिशा:
उत्तर एवं पश्चिम दिशा में यात्रा शुभ फलदायी।
🕉️ व्रत एवं पर्व
माघ गुप्त नवरात्रि प्रारंभ
सोमवार व्रत
शिशिर ऋतु प्रभाव
🌙 चंद्रबल (20 जनवरी 07:14 AM तक)
मेष, कर्क, सिंह, वृश्चिक, मकर, मीन

ये भी पढ़ें – आस्था के आयोजनों में व्यवस्थाओं की परीक्षा: श्रद्धालुओं की सुविधा क्यों है जरूरी

ताराबल
11:52 AM तक शुभ नक्षत्र:
भरणी, रोहिणी, मृगशीर्षा, पुनर्वसु, आश्लेषा, पूर्व फाल्गुनी, हस्त, चित्रा, विशाखा, ज्येष्ठा, पूर्वाषाढ़ा, श्रवण, धनिष्ठा, पूर्वभाद्रपदा, रेवती
11:52 AM के बाद शुभ नक्षत्र:
अश्विनी, कृत्तिका, मृगशीर्षा, आद्रा, पुष्य, मघा, उत्तर फाल्गुनी, चित्रा, स्वाति, अनुराधा, मूल, उत्तराषाढ़ा, धनिष्ठा, शतभिषा, उत्तरभाद्रपदा

ये भी पढ़ें – स्थानीय कवियों की रचनाओं ने रचा सांस्कृतिक सौहार्द का इतिहास

📌 विशेष नोट
इस पंचांग में किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए ‘राष्ट्र की परम्परा’ उत्तरदायी नहीं है। किसी भी महत्वपूर्ण कार्य से पूर्व योग्य विद्वान अथवा ज्योतिषाचार्य से परामर्श अवश्य लें।

हिन्दू सम्मेलन में धर्म व संस्कृति की रक्षा का लिया संकल्प

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा ) जनपद के कोपागंज नगर क्षेत्र के गौरीशंकर मंदिर प्रांगण में रविवार को आयोजित हिन्दू सम्मेलन में सनातन धर्म व संस्कृति की रक्षा को लेकर वक्ताओं ने हुंकार भरी। सम्मेलन में हिन्दू समाज को एकजुट रहने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी सहभागिता रही।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि शैलेष जी महाराज रहे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक सुरेश शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव को मिटाकर एकजुट होना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सामाजिक समरसता से ही देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने सनातन धर्म को मानवता, सहिष्णुता और सद्भाव का संदेश देने वाला बताते हुए कहा कि इसकी रक्षा के लिए समाज को जागरूक और संगठित रहना होगा। साथ ही लोगों से अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया, ताकि देश के विकास में सभी का सक्रिय योगदान सुनिश्चित हो सके।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आर्यम जी, अवधेश राय, कैलाश वर्मा, बिंदुकांत त्रिपाठी, सुनील राय, गोपाल जी, यक्ष त्रिपाठी, पीयूष राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बापू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रविंद्र राम ने की, जबकि संचालन अजय राय ने किया।

ब्राह्मणों पर हो रहे अत्याचार को लेकर गरजे प्रदेश अध्यक्ष पं. अजीत कुमार पांडेय

मऊ में संपन्न हुई परशुराम सेना ब्राह्मण महापंचायत

मऊ(राष्ट्र की परम्परा)l बी.एस.एस. परशुराम सेना के तत्वावधान में आयोजित ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन मौर्या मैरेज हाल, कमलसागर (मऊ) में रविवार, को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत “जय परशुराम जी” के उद्घोष के साथ हुई, जिसमें जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए।
महापंचायत को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत कुमार पांडेय ने ब्राह्मण समाज पर हो रहे अत्याचारों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आज सुनियोजित तरीके से ब्राह्मणों को सामाजिक, राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसे परशुराम सेना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
पं. अजीत कुमार पांडेय ने कहा कि “ब्राह्मण समाज हमेशा राष्ट्र और समाज निर्माण में अग्रणी रहा है, लेकिन आज उसी समाज को झूठे मुकदमों, मानसिक उत्पीड़न और अन्याय का सामना करना पड़ रहा है। यदि शासन-प्रशासन ने समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई, तो परशुराम सेना पूरे प्रदेश में सशक्त आंदोलन करने को बाध्य होगी।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परशुराम सेना केवल विरोध नहीं, बल्कि पीड़ित ब्राह्मणों को न्याय दिलाने के लिए हर कानूनी और लोकतांत्रिक मार्ग अपनाएगी। महापंचायत में समाज की एकजुटता पर बल देते हुए उन्होंने युवाओं से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने एक स्वर में ब्राह्मण समाज की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। महापंचायत शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई।इस दौरान
जिलाध्यक्ष मुनेंद्र मिश्रा, कृष्णा मिश्रा, पंकज त्रिपाठी, सत्य प्रकाश दुबे, मनोज पाण्डेय, दुर्गा पाण्डेय, अरुणेश पाण्डेय, नीरज दूबे, पंकज पांडे, धनंजय दुबे, यशवत मिश्रा, रेवती रमण त्रिपाठी, जीवन मिश्रा, प्रवीण तिवारी, सतीश पांडे, मनोज पांडे, नीरज दुबे, शिशु उपाध्याय, पवन उपाध्याय, कृष्णा मिश्रा, प्रवीण तिवारी सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

नर सेवा ही असल में नारायण सेवा: नरेन्द्र मिश्र

कम्बल वितरण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा वितरित

बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l बशिष्ठ नारायण सुमित्रा देवी सेवा संस्थान योगा केन्द्र के तत्वाधान में ग्राम पुरैना शुक्ल में रविवार को कंबल वितरण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में दिव्यांग, वृद्ध व जरूरतमंद 60 लोगों को कम्बल वितरित किया गया एवं 100 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई । इस दौरान मुख्यातिथि भाजपा नेता नरेन्द्र मिश्र पप्पू ने कहा कि नर सेवा ही असल में नारायण सेवा है, हर इंसान जो संभव हो सके जरूरतमंद लोगों की मदद करनी चाहिए। पूर्व चेयरमैन उमाशंकर सिंह, भाजपा नेता प्रमोद मिश्रा व जितेन्द्र भारत ने कहा कि सरकार आमजन के हित व जरूरत को लेकर प्रतिबद्ध है फिर भी स्वयं सेवी संस्थाओं और समाज सेवियों को लोगों सुख दुःख का सहभागी बनना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऋषि पाण्डेय व संचालन सुनील चतुर्वेदी ने किया। आगंतुकों का कार्यक्रम के संयोजक रामकृपाल शुक्ला ने आए हुए आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर संजय पासवान, प्रमोद मिश्रा, विश्राम तिवारी, पकज सिंह, पप्पू मिश्रा, रमेश चन्द्र शुक्ल, निलकान्त शुक्ल, गुडडू शुक्ल, नगीना शुक्ल, केशवानन्द शुक्ल,गणेश, माता दीन, लक्ष्मी नारायण यादव, शिवदास यादव, सोभा यादव, आकाश, अखलेश, मन्टू, नित्यानंद शुक्ल, बब्लू शुक्ल, कवलू यादव, नेहा पाण्डेय, अदित्य पाठक, बन्टी, प्लक, काजल आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहें ।

एल.टी. ग्रेड 2025 परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संपन्न

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। एल.टी. ग्रेड 2025 की परीक्षा जनपद में आयोग द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। तमलुद्दीन इंटर कॉलेज में परीक्षा निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

अपर जिलाधिकारी पूरे परीक्षा दिन फील्ड विज़िट पर रहे और परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उनके सतत निरीक्षण और निगरानी के परिणामस्वरूप परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।

परीक्षा केंद्र प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

कांग्रेसियों की बैठक में मनरेगा बचाओ पर जोर


बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बेरुआरबारी ब्लॉक इकाई द्वारा रविवार को अपायल गांव में मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता विवेक ओझा उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लेकर मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।

मुख्य अतिथि विवेक ओझा ने केंद्र सरकार की मनरेगा संबंधी नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाम बदलने से योजनाओं का लाभ नहीं मिलता, बल्कि उनके सुचारू संचालन के लिए वास्तविक कार्यवाही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देशभर में मनरेगा के तहत लाखों मजदूरों का भुगतान बकाया है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग परेशान है। सरकार को शीघ्र ठोस कदम उठाकर मजदूरों को राहत देनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि “जी राम जी” पोर्टल की प्रक्रिया ने मनरेगा में काम प्राप्त करना और कठिन बना दिया है, जिसका सीधा असर ग्रामीण मजदूरों पर पड़ रहा है।

बैठक में उपाध्यक्ष जनार्दन उपाध्याय, जिला महामंत्री अंजनी चौबे, महाप्रसाद चौबे, शंभूनाथ सिंह, शिवबहादुर यादव, अजीत शुक्ल, रंजीत वर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा गरीबों की जीवनरेखा है और इसे कमजोर करने का हर प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रहार है।

कार्यक्रम का संचालन लल्लू जी ने किया। ग्रामसभा अपायल के सैकड़ों नागरिकों की उपस्थिति ने मनरेगा बचाओ आंदोलन को नई ग

जैविक खाद और बायोगैस से बढ़ी ग्राम पंचायतों की आय

मऊ(राष्ट्र की परम्परा)l एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत जनपद मऊ की 22 सदस्यीय टीम श्रावस्ती जनपद का अध्ययन भ्रमण कर स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नवाचारों को समझकर वापस लौटी। इस भ्रमण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने और ओएसआर (Own Source Revenue) बढ़ाने के सफल मॉडलों का अवलोकन करना था।
टीम में पंचायती राज विभाग के जिला सलाहकार अंकित कुमार सिंह (IEC/HRD), विकास सिंह (SLWM), एडीओ पंचायत अमरीश त्रिपाठी, पंकज मल्ल, आयुष शाही, कंसलटिंग इंजीनियर चंदन व सविता सिंह के साथ छह ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव शामिल रहे।
डीपीआरसी भिनगा, श्रावस्ती में वरिष्ठ फैकल्टी एवं जिला सलाहकारों द्वारा सीएससी संचालन, बायोगैस यूनिट, जैविक खाद उत्पादन और ओएसआर आधारित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
टीम ने ग्राम पंचायत टंडवा महंत में बायोगैस यूनिट एवं ‘तथागत’ ब्रांड जैविक खाद उत्पादन केंद्र का निरीक्षण किया, जहां जैविक खाद से अब तक लगभग 30 लाख रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है। इसके साथ ही कटरा में ग्रे व ब्लैक वॉटर प्रबंधन और चहलवा में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का भ्रमण कराया गया।
यह मऊ श्रावस्ती एक्सपोजर विजिट जनपद मऊ में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी।

सुखपुरा शिवलिंग चोरी मामला: पुलिस खुलासे से नाराज़ लोग, 27 जनवरी से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सुखपुरा स्थित प्राचीन बुढ़वा शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी के मामले में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस का खुलासा अधूरा है और जब तक चोरी हुए शिवलिंग की बरामदगी नहीं होती, तब तक वे संतुष्ट नहीं होंगे।

इसी को लेकर रविवार को ग्राम पंचायत सुखपुरा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों की एक आवश्यक बैठक मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में आगे की आंदोलनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

24 जनवरी तक शिवलिंग बरामद नहीं हुआ तो आंदोलन तेज
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पहले से तय धार्मिक कार्यक्रम—जल यात्रा, पूजा-पाठ, रुद्राभिषेक और 25 जनवरी को होने वाला वृहद भंडारा—निर्धारित समय के अनुसार ही संपन्न कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें – सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की हुई गहन जांच

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 जनवरी तक शिवलिंग की बरामदगी नहीं होती है, तो 25 जनवरी की दोपहर बाद जनपद के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर 27 जनवरी से शहीद स्मारक पर विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यह मामला उनकी धार्मिक आस्था से जुड़ा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लोगों ने दो टूक कहा कि जब तक शिवलिंग की बरामदगी नहीं हो जाती, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
बैठक में बृजनाथ सिंह, रविंद्र नाथ उपाध्याय, प्रमोद सिंह, पुण्यदेव उपाध्याय, उमेश सिंह, राकेश सिंह, रोहित सिंह, समरेंद्र सिंह, मनीष सिंह, बबुआ जी, अमित सिंह, बसंत सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें – उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अंतर्गत संस्कृति उत्सव का हुआ भव्य आयोजन

सदर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की हुई गहन जांच

मऊ। (राष्ट्र की परम्परा)विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम मऊ के अंतर्गत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने की दिशा में प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने आज विधानसभा सदर क्षेत्र में स्थित कई मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ में स्थापित बूथ संख्या 73 से 83 तथा राजकीय बुनाई विद्यालय, सहादतपुरा में बूथ संख्या 103 से 109 तक की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण उपरांत अपर जिलाधिकारी ने SIR (Special Intensive Revision) से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित बीएलओ, तहसीलदार सदर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों का नियमानुसार निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय बनाकर गंभीरता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन की अपेक्षा व्यक्त की। प्रशासन का उद्देश्य है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम मऊ को सफल बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त किया जा सके।

उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अंतर्गत संस्कृति उत्सव का हुआ भव्य आयोजन

जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता मंडल स्तर पर करेंगे प्रतिभाग

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अंतर्गत संस्कृति उत्सव 2025- 26 का आयोजन नगर पालिका कम्युनिटी हॉल में किया गया। इस उत्सव का शुभारंभ जिला सूचना अधिकारी डॉ. धनपाल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। संस्कृति उत्सव कार्यक्रम का आयोजन जनपद के विकासखंड एवं तहसील स्तर पर किया गया था। विकासखंड एवं तहसील स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान पाने वाले कलाकारों के बीच जनपद स्तर पर प्रतियोगिता कराई गई। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं शास्त्रीय गायन, ख्याल, ध्रुपद, ठुमरी, दादरी, चैता, चैती, झूला, तबला वादन, कजरी, बिरहा, आल्हा, लोकगीत, शहनाई, ढोल, ताशा, ढोलक, नाल, नौटंकी, रामलीला, रासलीला सहित अन्य विधाओं के प्रतिभागियों द्वारा संस्कृति उत्सव में प्रतिभाग किया गया। प्रतिभागियों को अंक प्रदान करने हेतु जनपद स्तर पर तीन जजों बलवंत सिंह, सोनी सिन्हा एवं योगेन्द्र चौहान की नियुक्ति की गई। तीनों जजों द्वारा प्रतिभागियों के कार्यक्रम के अनुसार पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ बिना किसी भेदभाव के अंक प्रदान किया गया। जनपद स्तर पर विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का दिनांक 19 एवं 20 जनवरी 2026 को प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाएगा एवं मंडल स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाला कलाकारों को दिनांक 24 से 26 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर अंतिम रूप से चयनित सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अपर जिलाधिकारी ने कई बूथों का किया निरीक्षण

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह द्वारा विधानसभा सदर क्षेत्र के अंतर्गत मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या 73 से 83 तक स्थित डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ तथा बूथ संख्या 103 से 109 तक स्थित राजकीय बुनाई विद्यालय, सहादतपुरा का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के उपरांत अपर जिलाधिकारी द्वारा SIR (Special intensive Revision) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर बूथों पर उपस्थित बीएलओ, तहसीलदार सदर एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने सभी को SIR कार्य को सफलतापूर्वक, सुगमता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने निर्देशित किया कि मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा अपात्र नामों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

कलवारी गाड़ही विवाद पर भाजपा नेता गणेश सोनी का बड़ा बयान, हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

नगर पंचायत सिकन्दरपुर के भाजपा नेता गणेश सोनी ने अस्पताल के पास स्थित कलवारी गाड़ही को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि यह भूमि शासन के बंदोबस्त अभिलेखों में गाड़ही/पात्र भूमि के रूप में दर्ज है और सार्वजनिक उपयोग हेतु आरक्षित है। ऐसे में इसकी खरीद-फरोख्त पूरी तरह अवैध मानी जाएगी। सोनी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस भूमि को खरीदने या बेचने का प्रयास करता है तो उसकी जिम्मेदारी वही स्वयं उठाएगा। उनका कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र के लगभग 500 घरों का पानी वर्षों से इसी गाड़ही में गिरता था, लेकिन हाल के दिनों में जलनिकासी बाधित हो गई है, जिसके कारण कई घरों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न हो रही है।उन्होंने नगर पंचायत के कुछ कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीबों की जमीनों पर अतिक्रमण कर समस्याओं को बढ़ाया जा रहा है, जबकि गाड़ही की सफाई और जलनिकासी बहाल करना नगर पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी है। सोनी ने कहा कि उन्हें जनता का विश्वास प्राप्त है, इसलिए वे इस मामले को मजबूती से उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट तक जाने में भी पीछे नहीं हटेंगे। उधर, स्थानीय लोगों ने कहा कि गाड़ही में आने वाले पानी को उन्होंने बंद नहीं किया है, बल्कि निकासी व्यवस्था में सुधार न होने से समस्या बढ़ती जा रही है।

चुंगी वसूली बंद करने की मांग, धनंजय उर्फ शिव जी जायसवाल के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

देवरिया/सलेमपुर(राष्ट्र की परम्परा)।
जनपद देवरिया में व्यापारियों ने चुंगी वसूली को अवैध बताते हुए इसके तत्काल बंद किए जाने की मांग उठाई है। इसी क्रम में आज व्यापारियों की ओर से धनंजय उर्फ शिव जी जायसवाल के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी (वित्त) एवं राज्य कर विभाग के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से सलेमपुर, देवरिया एवं बैतालपुर क्षेत्र में हो रही चुंगी वसूली पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।
धनंजय उर्फ शिव जी जायसवाल ने कहा कि जब देश में वस्तु एवं सेवा कर लागू किया गया था, तब लगभग सभी प्रकार के अप्रत्यक्ष करों को इसमें सम्मिलित कर दिया गया था। इसमें चुंगी, मनोरंजन कर सहित अन्य स्थानीय कर भी शामिल थे। इसके बावजूद दोबारा चुंगी वसूली किया जाना नियमों के विपरीत है और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक भार डाला जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि गोरखपुर, चौरीचौरा सहित आसपास के अन्य नगरों में कहीं भी चुंगी वसूली नहीं की जा रही है। इसके विपरीत सलेमपुर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चुंगी वसूली दोबारा शुरू कर दी गई है, जबकि पूर्व में इस कार्यकाल के दौरान भी यहां इस प्रकार की वसूली नहीं हो रही थी।
व्यापारियों की ओर से ज्ञापन के साथ आवश्यक साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए। धनंजय उर्फ शिव जी जायसवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि चुंगी वसूली बंद नहीं की गई तो व्यापारियों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उनका कहना है कि चुंगी बंद होने से स्थानीय व्यापारियों को इस अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।