Friday, June 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोग से स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प, डीडीयू विश्वविद्यालय में भव्य...

योग से स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प, डीडीयू विश्वविद्यालय में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद योग वाटिका में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार, एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग आज की आवश्यकता है।

इसके पश्चात योगाचार्य प्रमोद राय के निर्देशन में योगाभ्यास सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। योगाचार्य ने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति, नाड़ी शोधन सहित विभिन्न योगिक क्रियाओं एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता में सुधार होता है तथा तनाव और चिंता जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज में जागरूकता फैलाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने और इसके संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक प्रो. सत्यपाल सिंह ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का अनमोल उपहार है, जो मानव जीवन को स्वस्थ, सुखी और संतुलित बनाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से नियमित योगाभ्यास करने तथा परिवार और समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में प्रो. आमोद राय, प्रो. राम रतन सिंह, डॉ. तलहा अंसारी, बलेन्दर यादव, विनीत सिंह, राजेन्द्र मौर्य सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योग संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments