दिल्ली में सुबह ली अंतिम सांस, पुत्र एवं देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने भावुक संदेश के साथ दी श्रद्धांजलि

देवरिया। (राष्ट्र की परम्परा) देवरिया के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल प्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार को दिल्ली में निधन हो गया। उन्होंने सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से देवरिया सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों, शुभचिंतकों और उन्हें जानने वाले लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।उनके पुत्र एवं देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने पिता के निधन पर भावुक संदेश साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने पिता के व्यक्तित्व, उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को याद किया।लेफ्टिनेंट जनरल प्रकाश मणि त्रिपाठी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। सैन्य अधिकारी के रूप में उन्होंने देश की सेवा की, वहीं सार्वजनिक जीवन में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देवरिया के पूर्व सांसद के रूप में क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी अलग पहचान रही।उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को देवरिया लाए जाने के संबंध में परिजनों की ओर से जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार से जुड़ी सूचना की प्रतीक्षा की जा रही है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें।