सुबह दर्शन करने पहुंची महिला की नजर पड़ी तो खुला मामला, यज्ञ मंडप में रात गुजारता था मृतक, नशे की हालत में सरोवर में गिरने की आशंका

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर चौकी अंतर्गत लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में बुधवार की सुबह शिवमंदिर के सरोवर में एक व्यक्ति का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब 9:54 बजे सरोवर में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मंदिर परिसर में शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर कब्जे में लिया और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित जंगल सखनी आबादी, जंगल डुमरी नंबर-दो निवासी सुभाष गुप्ता (40) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई। बताया जाता है कि सुभाष लक्ष्मीपुर शिवाला और आस-पास के गांवों में मजदूरी कर अपनी रोजी-रोटी चलाता था। दिन भर काम करने के बाद वह शाम को गांव लौट आता था और शिवमंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में ही रात गुजारता था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में मंदिर परिसर में रहता था।
बुधवार की सुबह गांव की सुशीला गिरी मंदिर परिसर स्थित सरोवर के किनारे बने हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर सरोवर में किसी वस्तु के उतराने पर पड़ी। शुरुआत में उन्हें लगा कि पानी में कोई पुतला पड़ा है, लेकिन पास जाकर देखने पर वह एक व्यक्ति का शव निकला। सरोवर की सीढ़ियों पर सफेद रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग की चप्पल भी पड़ी हुई थी। शव देखते ही महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्राम प्रधान कृष्णमोहन पटेल ने तत्काल भिटौली पुलिस और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, शिकारपुर चौकी प्रभारी तथा उप-निरीक्षक अभिजीत राय और सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को सरोवर से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि रात में नशे की हालत में सरोवर की ओर जाने के दौरान सुभाष का पैर फिसल गया होगा और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि,मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।
उधर, घटना की सूचना पर मृतक के बड़े भाई राजू गुप्ता, भाभी पुष्पा देवी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बड़े भाई के दामाद जयराम गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। सरोवर से निकाले गए सुभाष का शव देखते ही परिजनों में चीख- पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मंदिर परिसर में हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना रहा।