रैंक पिपिंग सेरेमनी में कुलपति सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने लगाए बैज

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की कैप्टन राजश्री को मेजर पद पर पदोन्नति मिली है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में रैंक पिपिंग सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, 20 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विशाल मेंदीरत्ता और डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू ने उन्हें मेजर पद के रैंक बैज लगाए।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने मेजर राजश्री को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी अनुशासनप्रियता, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। एनसीसी और सशस्त्र बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी पदोन्नति विश्वविद्यालय की छात्राओं और युवाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेजर राजश्री नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगी।
समारोह में मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. आर.ए. खान, प्रो. नवीन अरोड़ा, प्रो. शिल्पी वर्मा, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार धडवाल, डॉ. अलका, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. सिद्धार्थ शंकर राय, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी, सूबेदार मेजर ओम प्रकाश और सुखविंदर सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट मौजूद रहे। मेजर राजश्री के परिवारजन भी समारोह में शामिल हुए। संचालन डॉ. रेनू पांडेय ने किया।