फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। पनियरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में सोमवार उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित आम के बागीचे में एक 35 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी रमेश निषाद (35) पुत्र राधेश्याम निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे ग्राम प्रधान ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पनियरा थानाध्यक्ष और मुजुरी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी सूचना दी गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।