
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सोहगीबरवां वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन सत्र 2026-27 का रविवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। दक्षिणी चौक रेंज में जंगल सफारी की शुरुआत के साथ ही अब पर्यटक अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीवों और समृद्ध जैव विविधता का नजदीक से दीदार कर सकेंगे। जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ तिवारी और क्षेत्रीय वनाधिकारी ऋषभ नायक ने हरी झंडी दिखाकर सफारी जीपों को रवाना किया।सफारी के शुभारंभ अवसर पर बच्चों और ग्रामीणों को जीप के माध्यम से जंगल की सैर कराई गई। इस दौरान उन्हें अभयारण्य के प्राकृतिक वातावरण, वन्यजीवों और जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी गई। वनकर्मियों ने लोगों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए इसमें जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।जंगल सफारी की शुरुआत को क्षेत्र में पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे सोहगीबरवां अभयारण्य की पहचान पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत होने के साथ ही पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए भी रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गाइड, सफारी वाहन संचालन और पर्यटन से जुड़ी अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय लोग स्वरोजगार अपना सकेंगे।वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे अभयारण्य के संरक्षण और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर वन दरोगा नित्यानंद, राहुल कुमार, अवधेश कुमार मौर्य, वन रक्षक आशुतोष कुमार पाण्डेय और प्रदीप कुमार यादव सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
