महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत- नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। नौतनवां पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने रविवार को बैरियहवा पुल के पास घेराबंदी कर क्रेटा कार से 648 बोतल ओल्ड मंक रम बरामद की। शराब को नौ नीले रंग के बैग में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निष्कर्षण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर संयुक्त टीम ने बैरियहवा पुल के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार संख्या यूपी 23 एडब्ल्यू 6249 को रोक कर तलाशी ली गई। कार में रखे नौ नीले बैग से ओल्ड मंक रम की कुल 648 बोतल बरामद हुईं। इसके बाद कार सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित रामसिंह पुरा निवासी हरिओम प्रजापति (27), दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के सागरपुर निवासी मनीष कुमार (24) और नेपाल के कास्की जिले के निवासी विजय भुजील (34) के रूप में हुई है। विजय का वर्तमान पता पश्चिम विहार, दिल्ली बताया गया है।पुलिस ने बरामद शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपितों के विरुद्ध नौतनवा थाने में मु.अ.सं. 215/ 2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम में नौतनवा पुलिस की ओर से उप-निरीक्षक शेर बहादुर यादव, प्रशांत दूबे, रोहित यादव, कांस्टेबल हिमांशु सिंह और अनिल खरवार शामिल रहे। वहीं एसएसबी की 66 वीं वाहिनी नौतनवां की टीम में निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर, कांस्टेबल अमित कुमार शर्मा और लोकेश कुमार शामिल रहें।