निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की उठाई मांग

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के नसोंपुर गांव में मेले के दौरान एक ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट और महिलाओं से कथित छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।मामले की जानकारी मिलने पर बीएसएस परशुराम सेना की क्षेत्रीय महामंत्री दुर्गा पांडेय और मऊ जिलाध्यक्ष मुनींद्र कुमार मिश्रा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।संगठन के पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ ही उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।इस दौरान बीएसएस परशुराम सेना के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।