देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में आमजन की सुरक्षा, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा पुलिस के प्रति जनविश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और ‘एंटी रोमियो चेकिंग’ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों, शिवालयों और विद्यालयों के आसपास पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई।अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह की सैर पर निकले महिला एवं पुरुषों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रमुख पार्कों और मार्गों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्हें हरसंभव सहायता और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत देते हुए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।महिला एवं बालिका सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में आने-जाने वाली बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए जागरूक किया। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा के उपयोग के बारे में भी बताया गया।पुलिस के अनुसार, ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ अभियान का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना तथा महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनसंवाद, जनजागरूकता, एंटी रोमियो चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस का संदेश है—“सुरक्षित सुबह, सशक्त नारी, सुरक्षित नागरिक—भयमुक्त देवरिया हमारी प्राथमिकता।”