
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। गौरीबाजार थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।पुलिस के अनुसार, लवकनी गांव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अक्टूबर 2026 को उसका बेटा अरविंद चौहान आटा चक्की से आटा लेने गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे लोगों ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में गौरीबाजार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीती रात पहलवान बाबा मंदिर के पास से लवकनी निवासी रवि किशन (19) पुत्र शारदा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर सिंह और हेड कांस्टेबल मुन्नीलाल चौहान शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
