संतकबीरनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल पंजीकृत 5,904 अभ्यर्थियों में से 4,973 ने परीक्षा दी, जबकि 931 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल उपस्थिति 84.23 प्रतिशत दर्ज की गई।जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में 2,952 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,474 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 478 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 83.81 प्रतिशत रही। वहीं, दूसरी पाली में 2,952 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,499 ने परीक्षा दी और 453 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 84.65 रहा।जिला मुख्यालय खलीलाबाद स्थित हीरालाल राम निवास पीजी कॉलेज में दोनों पालियों में सर्वाधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। यहां पहली पाली में 404 और दूसरी पाली में 418 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिले में परीक्षा के लिए हीरालाल राम निवास पीजी कॉलेज, हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद, संत कबीर आचार्य राम विलास इंटर कॉलेज मगहर और सरदार पटेल इंटर कॉलेज बघौली को केंद्र बनाया गया था। सभी आठ केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।