गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न इकाइयों और राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर स्वच्छ परिसर और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान संकाय के डीन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और शिक्षा के बदलते स्वरूप पर कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग रचनात्मक, नैतिक और राष्ट्रहित में किया जाना चाहिए।
फैकल्टी ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की माता शबरी इकाई ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया, जबकि कृषि संकाय की पारिजात इकाई ने परिसर और आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। स्वास्थ्य एवं जीवन विज्ञान संकाय की आर्यभट्ट और आत्रेय इकाइयों के स्वयंसेवकों ने भी स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की।
कृषि संकाय के सहायक प्राध्यापक डॉ. नवनीत सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति निरंतर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में आईजीसी-आरडीसी चयन शिविर के द्वितीय चरण में शामिल एनसीसी कैडेट्स ने कृषि विभाग के बागीचे और विश्वविद्यालय परिसर में श्रमदान किया। कैडेट्स ने पत्ते और अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया तथा ‘स्वच्छ देश, स्वच्छ परिसर’ का संकल्प लिया। अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट डॉ. संदीप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. नवनीत सिंह, जेसीओ सूबेदार आजाद खालिद और जेसीओ पंकज सिंह ने किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित उपाध्याय ने ‘नॉट मी बट यू’ की भावना से सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को जोड़ने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, एनएसएस स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।