दरौली के अजमत पुर में छह अक्टूबर को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता, विजेता को दो रेंजर साईकिल व आठ मेडल

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। शिकारपुर क्षेत्र के ग्राम सभा दरौली स्थित टोला अजमत पुर में छह अक्टूबर 2026 को मंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ी और टीमें प्रतिभाग करेंगी। कबड्डी के मैदान में खिलाड़ियों के बीच दमखम और कौशल की जोरदार आजमाइश देखने को मिलेगी।
ग्रामीण अंचल में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि कबड्डी भारतीय ग्रामीण परिवेश से जुड़ा पारंपरिक खेल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। आयोजकों ने क्षेत्र के खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को दो रेंजर साईकिल और आठ मेडल, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को एक रेंजर साईकिल और आठ मेडल, जबकि तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को आठ सिल्वर बाल्टी और आठ मेडल प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुछ नियम एवं शर्तें भी निर्धारित की हैं। प्रतियोगिता में अंपायर का निर्णय सर्वमान्य होगा। एक बार खेल चुके खिलाड़ी को दोबारा मुकाबले में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। खेल के दौरान चोट लगने की स्थिति में खिलाड़ी स्वयं जिम्मेदार होंगे। आयोजकों ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
प्रतियोगिता के आयोजन में ग्राम सभा की युवा पीढ़ी सक्रिय भूमिका निभा रही है। आयोजक नंदेश्वर यादव, दुर्गेश यादव, अजय यादव, आदर्श यादव, विशाल यादव, नितिन यादव और रामदुलारे मौर्या सहित ग्राम सभा के युवा आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।