
विश्वकर्मा जयंती और पीएम मोदी के जन्मदिवस पर स्वच्छता अभियान, परमार्थी पोखरे में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली सफाई की कमान

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सदर विधायक शलभ मणि के नेतृत्व में देवरिया नगर स्थित परमार्थी पोखरे पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रमदान करते हुए पोखरे और उसके आसपास के परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान पोखरे में जमा पॉलिथिन, कूड़ा-कचरा और पूजन सामग्री को हटाया गया। कार्यकर्ताओं ने आसपास के क्षेत्र में भी सफाई कर लोगों को सार्वजनिक स्थलों और जलाशयों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए। सार्वजनिक स्थलों, जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जलाशयों को प्रदूषित न करने की अपील की।
स्वच्छता अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह सैथवार, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष संजय पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यकर्ताओं ने ‘स्वच्छ देवरिया, सुंदर देवरिया’ के संकल्प के साथ नागरिकों से स्वच्छता अभियान में निरंतर सहयोग करने का आह्वान किया।
टैग: देवरिया, परमार्थी पोखरा, स्वच्छता अभियान, विश्वकर्मा जयंती, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा, अलका सिंह, जितेंद्र सिंह सैथवार, रमेश वर्मा, संजय पाण्डेय, स्वच्छ देवरिया
