79 सफाईकर्मियों ने संभाली पोखरे की सफाई

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
पूर्वांचल के प्रमुख शक्तिपीठ मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित पोखरे की बदहाल स्थिति को देखकर तीन श्रद्धालुओं द्वारा 5 सितंबर से चलाए जा रहे सफाई अभियान का असर अब दिखाई देने लगा है। श्रद्धालुओं के लगातार श्रमदान को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हुआ है।
खंड विकास अधिकारी सरदारनगर के निर्देश पर 10 सितंबर को ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलानंद यादव की देखरेख में करीब 79 सफाईकर्मियों की टीम द्वारा मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित पोखरे और उसके तटबंध की व्यापक स्तर पर सफाई शुरू की गई। सफाई अभियान के दौरान पोखरे में फैली गंदगी और जलकुंभी सहित अन्य अवांछित वनस्पतियों को हटाया जा रहा है।
प्रशासन की इस पहल में मंदिर के व्यापारियों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सफाईकर्मियों के साथ मिलकर श्रमदान किया। इससे मंदिर परिसर में स्वच्छता को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया।
सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत, सरदारनगर बृजेश कुमार यादव ने बताया कि पोखरे की पूर्ण सफाई होने तक प्रतिदिन 20 सफाईकर्मियों की टीम लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पोखरे की पूरी तरह सफाई होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
गौरतलब है कि 5 सितंबर से तीन श्रद्धालु स्वयं पोखरे की सफाई में जुटे थे। उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर स्थानीय व्यापारियों, ट्रस्ट के सदस्यों और अन्य लोगों ने भी अभियान में सहयोग देना शुरू किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां तरकुलहा देवी धाम के सामने स्थित पोखरा आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रशासन द्वारा सफाई अभियान को लगातार जारी रखने की घोषणा से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि पोखरे की सफाई के बाद इसके तटबंध और आसपास के क्षेत्र का भी बेहतर रखरखाव किया जाएगा।