
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे गरीब परिवार के अरमानों पर रविवार को चूल्हे से निकली एक चिंगारी ने पानी फेर दिया। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गिरहिया बड़का शीतलपुर में चूल्हे से निकली चिंगारी झोपड़ी में जा गिरी और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण आग बुझा पाते, बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखा गया सामान, कपड़े, चारपाई, तीन साईकिल, चारा मशीन, खाद्य सामग्री समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान जल कर राख हो चुका था। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस अग्निकांड से परिवार के सामने अब बेटी की शादी को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
गिरहिंया बड़का टोला शीतलपुर निवासी नंदकिशोर गौड़ की बेटी रूबी रविवार सुबह करीब 9:00 बजे लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी झोपड़ी में जा गिरी। देखते ही देखते झोपड़ी से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आग की भयावहता देखकर आस-पास के ग्रामीण दौड़ कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी और उसमें रखा अधिकांश सामान जल चुका था। नंद किशोर गौड़ पिछले करीब सात महीने से लुधियाना में रहकर काम कर परिवार का भरण- पोषण कर रहा है। परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। जानकारी के अनुसार बेटा राजन और बेटी सीमा दिव्यांग हैं। दूसरे नंबर की बेटी रूबी की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र के पंडित बरवा गांव में तय हुई है। आगामी 9 दिसंबर को रूबी की शादी होनी है। शादी को लेकर परिवार धीरे-धीरे जरूरी सामान जुटा रहा था, लेकिन अग्निकांड ने एक झटके में उनकी तैयारियों को बर्बाद कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल अनिल मौके पर पहुंचे और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।आग में शादी का सामान जल जाने के बाद परिवार के सामने अब बेटी की शादी संपन्न कराने की चुनौती खड़ी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि रूबी के हाथ पीले करने की तैयारी फिर से शुरू हो सके।
