
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत तिब्बत समन्वय संघ के धर्म एवं संस्कृति पुनरुत्थान प्रभाग के राष्ट्रीय सलाहकार स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल की स्मृति में रविवार की शाम आयोजित ऑनलाइन श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज के लिए उनका समर्पण लंबे समय तक स्मरण किया जाता रहेगा।

सभा की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रयाग दत्त जुयाल ने की। केंद्रीय संयोजक हेमेन्द्र सिंह तोमर की सहभागिता रही, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री राजो मालवीय ने संचालन किया। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े लोगों ने स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल के व्यक्तित्व और कार्यों को याद करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल का निधन 4 सितंबर 2026 को हुआ था। वे अखिल भारतीय कल्याणी राजवंश इतिहास व पुरातत्व शोध समिति के संयोजक/अध्यक्ष सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े रहे। उन्होंने एमएसएमई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम फैसिलिटेशन काउंसिल, छत्तीसगढ़ में सदस्य तथा छत्तीसगढ़ लघु एवं सहायक उद्योग संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।
सभा में उनके योगदान को आगे बढ़ाने और उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने का भाव भी व्यक्त किया गया। परिवार की ओर से 18 सितंबर को पगड़ी रस्म एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।
सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम कुमार सिंह, क्लीं जायसवाल, प्रो. शोनाली चतुर्वेदी, डॉ. सोनी सिंह, वेला मलिक, सूर्यांश प्रकाश सिंह, अनीता जय सिंह, नवनीत मिश्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े लोगो ने अपने संस्मरण साझा करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया।
