
मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। स्वर्ण समाज के आंदोलन के दौरान बीएसएस परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत कुमार पाण्डेय का फरसा आकर्षण का केंद्र बना रहा। आंदोलन में शामिल लोगों के बीच फरसे को देखने की उत्सुकता रही और काफी देर तक यह चर्चा का विषय बना रहा।आंदोलन को संबोधित करते हुए पंडित अजीत कुमार पाण्डेय ने सरकार से आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक बदलाव कर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी समान अवसर उपलब्ध कराया जाना चाहिए।उन्होंने यूजीसी के नियमों में आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें सभी वर्गों को योग्यता और आर्थिक स्थिति के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिले।पंडित अजीत कुमार पाण्डेय ने एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज होने वाले मामलों में निष्पक्ष जांच और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज नहीं किया जाना चाहिए। कानून का इस्तेमाल किसी के उत्पीड़न के लिए नहीं, बल्कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए।उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज अब अपने अधिकारों और सम्मान को लेकर जागरूक है। समाज अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मजबूती के साथ सरकार तक पहुंचाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर लोकतांत्रिक माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
