Thursday, July 23, 2026
HomeNewsbeat31 जुलाई को नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश देंगे डीडीयू...

31 जुलाई को नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश देंगे डीडीयू के रोवर्स-रेंजर्स

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की जिला संस्था भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश में उत्तर प्रदेश स्काउट केयर अभियान के अंतर्गत 31 जुलाई को विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रोवर्स-रेंजर्स विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के साथ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देंगे।
प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर रोवर्स एवं रेंजर्स कार्यालय में जिला संयोजक एवं जिला आयुक्त (रोवर्स) प्रो. शरद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि प्रादेशिक मुख्यालय के निर्देशन में संचालित स्काउट केयर अभियान का उद्देश्य जिम्मेदार नागरिकता, सेवा भावना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण और राष्ट्रप्रेम की भावना को समाज तक पहुंचाना है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई को विश्वविद्यालय के रोवर्स एवं रेंजर्स कार्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय की टीमें स्वच्छता आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम का चयन कर उसका नाम राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भेजा जाएगा।
प्रो. शरद कुमार मिश्र ने सभी प्रशिक्षकों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त गोरखपुर मंडल मोहित कुमार ने कहा कि प्रदेश मुख्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं का समयबद्ध संचालन विश्वविद्यालय स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक रोवर्स एवं रेंजर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
बैठक में आगामी गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की गई। इस अवसर पर इशरत सिद्दीकी, किरन देवी, ओम प्रकाश उपाध्याय, राजू मौर्य, विशाल यादव, सिद्धार्थ कुमार, आदित्य प्रजापति, विशाल शर्मा, सेजल साहनी, नंदिनी सैनी, पल्लवी शर्मा, मनोज तथा अन्य प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments