प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला आयोजित
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन स्थित डीपीआरसी हॉल परिसर में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिला प्रभारी भाजपा अजय सिंह गौतम, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत निर्णयों एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है और सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं कृषि विभाग के लाभार्थियों को टूल किट, सिलाई मशीन, प्रशस्ति पत्र तथा प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, युवा, महिला एवं गरीब कल्याण योजनाओं, उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा जनपद की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र बगही सहित विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
