पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बदला मौसम, कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के 25 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है।
शुक्रवार रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इसके बाद से मौसम सुहावना बना हुआ है और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम सामान्यतः साफ रहने की संभावना है। सुबह से धूप खिली रहेगी, हालांकि दोपहर के बाद कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छा सकते हैं। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली और संत रविदास नगर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मानसून को लेकर क्या है अनुमान?
मौसम विभाग के अनुसार 17 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 18 जून से प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अनुमान है कि 20 से 21 जून के बाद उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं।
