Friday, May 22, 2026
HomeNewsbeatजिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार पर जोर

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात सुधार पर जोर

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)।जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मौजूद रहे।
बैठक में सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एनएचएआई मार्ग के किनारे झाड़ियों की सफाई, पटरी एवं नाली मरम्मत तथा अवैध कट्स के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एनएचएआई प्रतिनिधि को जनपद में क्रेन व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को गलत दिशा में चलने वाले तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित जांच और चालान अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रालियों समेत मालवाहक वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर रेडियम पट्टी लगाने का अभियान चलाने को कहा, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
बैठक में मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने और सड़क सुरक्षा संकेतकों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप बनाने, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के प्रति जागरूकता अभियान चलाने तथा नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा परमिट और फिटनेस की नियमित जांच हो। अनफिट वाहनों का चालान कर संचालन बंद कराने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत ब्रेकर और कट्स से पहले साइनेज बोर्ड एवं स्पीड नियंत्रित करने संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाने पर जोर दिया। शहर में टैक्सी स्टैंड के सुचारू संचालन के लिए एआरटीओ और नगर पालिका अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, उप जिलाधिकारी मेहदावल अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभय मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, जिला होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण आर.के. पांडेय, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments